बंडामुंडा | डुमरता से बरकानी और बाहागढ़ होते हुए राउरकेला स्टील प्लांट तक निर्मित होने वाले रेल लाइन निर्माण कार्य में चल रहे विवाद के बीच निर्माण कार्य शुरू हुआ है। पुलिस बल की मौजूदगी में निर्माण कार्य शुरू किया गया है। मजिस्ट्रेट पुरुषोत्तम नायक, राउरकेला सहायक एसपी आरके मिश्रा, डीएसपी निर्मल महापात्र, बंडामुंडा थाना प्रभारी श्रीकांत नायक समेत राउरकेला स्टील प्लांट के तमाम अधिकारियों की मौजूदगी में बुधवार की सुबह करीब 10 बजे से निर्माण कार्य शुरू किया गया है। इस निर्माण कार्य के लिए पांच प्लाटून फोर्स के जवान मुस्तैद किए गए थे। पुलिया कर्मियों की मौजूदगी में पहले दिन दो बुलडोजर लगाकर निर्माण कार्य शुरू किया गया है। उल्लेखनीय है कि इस निर्माण कार्य को शुरू करने के लिए 18 जनवरी के दिन बंडामुंडा पंचायत कार्यालय में ग्राम सभा का आयोजन किया गया था। लेकिन इस ग्रामसभा के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए पंचायत कार्यालय के बाहर मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया था। जिस कारण ग्रामसभा में आए सरकारी अधिकारी बेरंग लौट गए थे। लेकिन ग्रामसभा नहीं होने के बावजूद भी अचानक से राउरकेला स्टील प्लांट के द्वारा निर्माण कार्य शुरू किए जाने को लेकर आदिवासी ग्रामीणों में रोष है।


