पुलिस को मिले 139 नए वाहन, चीफ मिनिस्टर मान बोले- अपराध पर काबू पाने को आधुनिकीकरण जारी, सीमा पार से नशे की सप्लाई भी घटी

भास्कर न्यूज | जालंधर पंजाब पुलिस को गश्त व बाकी कामों के लिए नए 139 नए वाहन दिए गए हैं। जालंधर के फिल्लौर में स्थित पंजाब पुलिस की ट्रेनिंग एकेडमी में ये नए वाहन फील्ड में भेजे गए। सीएम भगवंत सिंह मान ने इन्हें हरी झंडी दी। वीरवार को इस समारोह में सीएम मान ने कहा कि अपराध पर काबू पाने के लिए पंजाब पुलिस का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि सभी 454 थाना प्रभारियों को अब नए वाहन मिल चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बॉर्डर स्टेट होने के कारण पंजाब की चुनौतियां अलग हैं। कई विरोधी ताकतें राज्य की शांति भंग करने के लिए नापाक मंसूबे बना रही हैं। पंजाब पुलिस ने हमेशा ऐसी कोशिशों को नाकाम किया है। पुलिस बल को जांच, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में उन्नत जरूरतों के अनुसार अपडेट करना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 70 प्रतिशत नशीले पदार्थ पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए तस्करी करके लाए जाते हैं और बाद में राज्य में उनकी आपूर्ति की जाती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ड्रोन की आवाजाही रोकने के लिए एंटी-ड्रोन तकनीक शुरू करके बीएसएफ के साथ हाथ मिलाया है। ठोस प्रयासों के कारण नशे की तस्करी में भारी कमी आई है। बीएसएफ की एक रिपोर्ट बताती है कि सीमा पार से तस्करी में कमी आई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *