भास्कर न्यूज | जालंधर पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राइमरी विंग में ‘दादी-नानी की कहानियां’ एक्टीविटी करवाई गई। इसमें तीसरी और चौथी क्लास के बच्चों ने भाग लिया। प्रिंसिपल डॉ. रश्मि विज की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी विद्यार्थी बड़े आत्मविश्वास के साथ मंच पर आए और उन्होंने हिंदी और पंजाबी में अपनी शिक्षाप्रद, हास्यप्रद कहानियां प्रस्तुत कीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा नैतिक मूल्यों से संबंधित एक लघु नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें बच्चों ने मोबाइल फोन के प्रयोग पर रोक लगाने, अनुशासन बनाए रखने, लड़ाई-झगड़ा न करने, स्नैप वर्क का सही प्रयोग करने आदि विषयों से संबंधित जानकारी दी। कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में अध्यापक अमित सोहल एवं आशिमा उपस्थित थे। कक्षा तीसरी में माहिरा को पहला स्थान, आरुष व जपलीन कौर को दूसरा स्थान, रमणीक सिंह को तीसरा स्थान मिला। सांत्वना पुरस्कार अर्श शर्मा को दिया गया। वहीं, चौथी कक्षा में पावनी प्रथम, मनसीरत व जीवंतिका द्वितीय स्थान पर रहीं। सुरलगन कौर को तीसरा स्थान और रिद्धि को सांत्वना पुरस्कार मिला। प्रिंसिपल डॉक्टर रश्मि विज ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। यहां सुपरवाइजर गार्गी शर्मा भी मौजूद रहीं।


