पुलिस दूरसंचार कांस्टेबल भर्ती-2025 का अस्थायी परिणाम जारी:26 दिसंबर से दस्तावेज सत्यापन; मेडिकल और चरित्र सत्यापन के बाद ही जारी होगी अंतिम चयन सूची

पुलिस दूरसंचार में कांस्टेबल बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। कॉन्स्टेबल ऑपरेटर एवं चालक भर्ती-2025 का अस्थायी परिणाम जारी कर दिया गया है। हालांकि विभाग ने साफ कर दिया है कि अस्थायी सूची में नाम आने से नियुक्ति तय नहीं मानी जाएगी, क्योंकि दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच के बाद ही अंतिम चयन होगा। निदेशालय पुलिस दूरसंचार द्वारा कॉन्स्टेबल ऑपरेटर एवं चालक भर्ती-2025 का अस्थायी परीक्षा परिणाम जारी किया गया है। एसपी (प्रथम) पुलिस दूरसंचार डॉ. हेमराज मीना ने बताया- यह अस्थायी सूची लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PST/PET) और अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन पत्र में भरी गई जानकारियों के आधार पर तैयार की गई है। 26 दिसंबर से दस्तावेज सत्यापन होगा शुरू डॉ. मीना के अनुसार, अस्थायी रूप से सफल घोषित अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए 26 दिसंबर से 4 जनवरी 2026 तक पुलिस दूरसंचार लाइन, घाटगेट जयपुर में आमंत्रित किया गया है। इस दौरान अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर दस्तावेज सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण और चरित्र सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। कैटेगरी को लेकर सख्त निर्देश विभाग के संज्ञान में आया है कि कई अभ्यर्थियों ने आवेदन के समय अपनी वास्तविक श्रेणी के बजाय अन्य श्रेणी का चयन कर लिया है। इस पर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि अस्थायी सूची में नाम आना नियुक्ति की गारंटी नहीं है। दस्तावेज जांच के दौरान अभ्यर्थी की वास्तविक कैटेगरी का निर्धारण किया जाएगा। यदि अभ्यर्थी के दस्तावेज आवेदन में दर्शाई गई कैटेगरी के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो उसे अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा और मेरिट के आधार पर अगले पात्र अभ्यर्थी को अवसर दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक डॉ. हेमराज मीना ने बताया कि वर्गवार अंतिम चयन सूची तभी जारी होगी, जब अभ्यर्थी दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल परीक्षण, चरित्र सत्यापन और निर्धारित शैक्षणिक योग्यता में पूर्ण रूप से सफल पाए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *