शाजापुर जिले की मक्सी पुलिस ने तीन दिन के भीतर एक गुमशुदा नाबालिग बालक को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों को सौंप दिया। 14 वर्षीय मन्नान शाह मक्सी थाना क्षेत्र से लापता हो गया था। फरियादी समद शाह (34 वर्ष), निवासी ग्राम गडरोली, ने 3 फरवरी 2026 को मक्सी थाने में अपने नाबालिग पुत्र मन्नान शाह के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी संजय वर्मा ने इसके लिए एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने बालक के परिजनों, रिश्तेदारों और सहपाठियों से गहन पूछताछ की, लेकिन शुरुआती जांच में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई। बालक के पास मोबाइल फोन न होने के कारण साइबर सेल की मदद भी नहीं ली जा सकी। इसके बाद पुलिस ने कस्बे में लगे सरकारी और निजी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज से पता चला कि बालक मक्सी रेलवे स्टेशन से मालवा ट्रेन में सवार होकर उज्जैन-इंदौर की दिशा में गया था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस की अलग-अलग टीमें इंदौर, उज्जैन और देवास भेजी गईं। लगातार सीसीटीवी फुटेज की जांच और बालक की तस्वीर दिखाकर तलाश करने के बाद उसे इंदौर के सरवटे बस स्टैंड के पास एक होटल के समीप सकुशल ढूंढ लिया गया। पुलिस ने नाबालिग बालक को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया।


