ब्यावर साइबर पुलिस थाने ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विभिन्न साइबर ठगी प्रकरणों में पीड़ितों को कुल 17 लाख रुपए की ठगी गई राशि सफलतापूर्वक वापस दिलवाई है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देश पर की गई। साइबर पुलिस थाना ब्यावर टीम ने आमजन के साथ हुई विभिन्न साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों पर तकनीकी विश्लेषण, बैंक एवं वित्तीय संस्थानों के साथ समन्वय और समयबद्ध कानूनी प्रक्रिया अपनाई। थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए संदिग्ध बैंक खातों और वॉलेट्स को फ्रीज किया गया। आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद, पीड़ितों के खातों में राशि रिफंड की गई। इस कार्रवाई से विनय जेठेलिया को 9,69,719 रुपए, दुदाराम माली को 2,89,751 रुपए, सीताराम रावत को 1,09,182 रुपए, कमल शर्मा को 62,311 रुपए, चंद्रप्रभा को 56 हजार रुपए, सोनू कुमारी को 26,999 रुपए, इरान काठात को 32 हजार रुपए और रवि सिंह को 8,000 रुपए सहित अन्य लाभार्थियों को कुल 1,46,038 रुपए की राशि वापस मिली। जिला पुलिस अधीक्षक ने जनहित में अपील करते हुए कहा कि आमजन किसी भी प्रकार के ऑनलाइन फ्रॉड, संदिग्ध कॉल या मैसेज, फर्जी लोन ऐप, केवाईसी अपडेट के नाम पर आने वाले कॉल, ओटीपी या लिंक शेयर करने से सावधान रहें। उन्होंने किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, पासवर्ड, कार्ड विवरण या बैंकिंग जानकारी साझा न करने की सलाह दी।


