कटनी पुलिस ने सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त अभियान चलाया है। शुक्रवार देर रात एनकेजे थाना पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 16 चालकों को पकड़ा। इन सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी रूपेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने दुर्गा चौक और तिलक कॉलेज गेट के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। शुक्रवार रात को संदिग्ध वाहनों को रोककर ब्रीथ एनालाइजर से चालकों की जांच की गई। इस दौरान 16 दोपहिया वाहन चालक शराब के नशे में पाए गए। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामले दर्ज किए हैं। टीआई बोले-अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा चेकिंग अभियान के साथ ही पुलिस ने आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करने और असामाजिक तत्वों में भय उत्पन्न करने के उद्देश्य से पैदल फ्लैग मार्च भी निकाला। यह मार्च प्रेमनगर से शुरू होकर मुख्य मार्ग से होते हुए दुर्गा चौक तक पहुंचा। एनकेजे थाना प्रभारी रूपेश सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सड़क हादसों को रोकने के लिए यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।


