साइबर थाने की टीम ने रविवार को वनस्थली विद्यापीठ विद्यालय, गौशाला धौलपुर में राष्ट्रीय साइबर जागरूकता माह अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपायों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में कॉन्स्टेबल संजयपुरी और राजकुमार ने सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर होने वाले अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने मजबूत पासवर्ड बनाने, ‘वर्क फ्रॉम होम’ टेलीग्राम साइबर फ्रॉड और एपीके फाइल फ्रॉड जैसी धोखाधड़ी के तरीकों के बारे में जानकारी दी। एपीके फाइल फ्रॉड में साइबर अपराधी व्हाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से फाइल भेजकर मोबाइल का पूरा एक्सेस ले लेते हैं और धोखाधड़ी करते हैं। पुलिस टीम ने अन्य साइबर फ्रॉड की कार्यप्रणाली (मोड्स ऑपरेंडी) के बारे में भी विस्तार से बताया, जिससे विद्यार्थियों और स्टाफ को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में पीड़ितों को साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई। उन्हें बताया गया कि वे 1930 पर कॉल करके या cybercrime.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपने मोबाइल या लैपटॉप से शिकायत दर्ज करा सकते हैं।


