छत्तीसगढ़ में चालू धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध धान परिवहन और बिचौलियों के खिलाफ जशपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। जिसके तहत फरसाबहार, तुमला थाना और पंडरापाठ चौकी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो पिकअप और एक ट्रैक्टर को पकड़ा है। इन वाहनों से कुल 84 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। जब्त धान की कीमत करीब 1 लाख 93 हजार 200 रुपए बताई गई है। जशपुर पुलिस ने अब तक 41 वाहनों से कुल 2,422 क्विंटल अवैध धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंपा चुकी है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। तुमला क्षेत्र में रात को पकड़ा गया बिना नंबर का पिकअप दरअसल, तुमला थाना क्षेत्र में 16-17 जनवरी की दरम्यानी रात करीब 1:30 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हाथीबेड़ ग्रामीण मार्ग पर नाकाबंदी की। ओडिशा की ओर से आ रहे बिना नंबर के पिकअप वाहन को देखकर चालक फरार हो गया। तलाशी के दौरान पिकअप से त्रिपाल से ढकी 60 बोरियों में 24 क्विंटल धान बरामद किया गया। फरसाबहार में ओडिशा नंबर की पिकअप जब्त फरसाबहार थाना क्षेत्र में सुबह करीब 7:30 बजे धौरा सांड जंगल क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर पिकअप वाहन (OD-16-A-4175) को रोका गया। यहां भी चालक पुलिस को देखकर भाग गया। वाहन की तलाशी में 50 बोरियों में 20 क्विंटल धान मिला। पुलिस को आशंका है कि यह धान ओडिशा से छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए लाया जा रहा था। दूसरे के टोकन पर धान खपाने की कोशिश, ट्रैक्टर जब्त चौकी पंडरापाठ क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान ग्राम सुलेसा के पास एक संदिग्ध ट्रैक्टर पकड़ा गया। ट्रैक्टर चालक नारायण राम (43) से पूछताछ में सामने आया कि धान सत्यपाल यादव से खरीदी गई थी और उसे शनिचरा राम नागेश के घर ले जाया जा रहा था। पुलिस को आशंका थी कि यह धान किसी अन्य किसान के टोकन पर उपार्जन केंद्र में खपाने की कोशिश थी। वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक पुलिस की ओर से दस्तावेज और टोकन मांगे जाने पर चालक कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ट्रैक्टर क्रमांक CG-14-MS-4571 सहित 100 बोरियों में लोड लगभग 40 क्विंटल धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया गया। कार्रवाई आगे भी रहेगी जारी- एसएसपी एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि फरसाबहार, तुमला और पंडरापाठ क्षेत्र में अलग-अलग मामलों में दो पिकअप और एक ट्रैक्टर से कुल 84 क्विंटल धान पकड़ा गया है। अवैध धान परिवहन और बिचौलियों के खिलाफ जशपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


