पुलिस थाने के पास युवक के अपहरण की सूचना ने पुलिस की कराई परेड कस्बे में पुलिस थाने के पास से एक युवक के अपहरण की सूचना ने हड़कंप मचा दिया। घटना तब सुर्खियों में आई जब एक निजी अस्पताल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फुटेज में देखा गया कि कुछ युवक एक काले रंग की गाड़ी में किसी युवक को लेकर जा रहे थे, जिसके बाद आसपास के लोग और दुकानदार सतर्क हो गए और पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवकों की तलाश शुरू की। एएसआई मुलायम सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच की और गाड़ी का पीछा किया। हालांकि, बाद में यह खुलासा हुआ कि यह घटना किडनैपिंग की नहीं थी। असल में, झुंझुनूं से आए युवक और उसके दोस्तों के बीच एक मामूली विवाद था, जिसके चलते वह युवक अपने दोस्तों के साथ नहीं जाना चाहता था। अन्य साथी उसे जबरदस्ती गाड़ी में डालकर ले जा रहे थे, जिसे किडनैपिंग जैसा समझा गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए कार का पीछा किया और झुंझुनूं रोड पर तेतरा बस स्टैंड के पास युवकों दबोच लिया। पुलिस ने कार में सवार चार जनों को शांति भंग में गिरफ्तार किया है।


