बरनाला में विजिलेंस ब्यूरो ने जिला पुलिस प्रमुख कार्यालय के एक क्लर्क को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी एक पुलिस कर्मी की एक्सटेंशन फाइल को दबाए हुए था। इसपर साइन कराने के बदले उसने रिश्वत मांगी थी। पुलिस विभाग के भीतर रिश्वतखोरी का यह मामला सामने आने के बाद आरोपी क्लर्क के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उससे आगे की पूछताछ जारी है। एक्सटेंशन फाइल पर साइन कराने के लिए मांगी थी रिश्वत बरनाला जिले में तैनात एएसआई मक्खन सिंह अपनी नौकरी में एक्टेंशन चाहते थे। इसको लेकर उन्होंने फाइल लगाई थी। जिला पुलिस प्रमुख कार्यालय में तैनात क्लर्क दविंदर सिंह के पास फाइल थी। आरोप है कि दविंदर सिंह ने फाइल पर साइन कराने के लिए रिश्वत मांगी थी। विजिलेंस ब्यूरो के इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह ने बताया कि एएसआई मक्खन सिंह ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग को दी। शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने एक जाल बिछाया। योजना के तहत, जब मक्खन सिंह ने दविंदर सिंह को रिश्वत की राशि दी, तो पास ही तैनात विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया।


