पुलिस से बचने के लिए छत से कूदा साइबर ठग,मौत:एप पर लड़कियों की फोटो दिखाकर करते थे धोखाधड़ी; दो गिरफ्तार

पुलिस से बचने के प्रयास में साइबर ठगी का आरोपी छत से कूद गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बदमाश एप के जरिए लड़कियां उपलब्ध कराने का झांसा देकर धोखाधड़ी करते थे। आसपुर (डूंगरपुर) थाना क्षेत्र के आरोपियों के खिलाफ ऑनलाइन साइबर ठगी का मामला दर्ज हुआ था। घटना शुक्रवार (10 जनवरी) को उमरड़ा (उदयपुर) में हुई। आसपुर थाना SHO तेज सिंह ने बताया कि आसपुर के चार आरोपियों के खिलाफ साइबर ठगी की ऑनलाइन शिकायत दर्ज हुई थी। कार्रवाई के लिए संदिग्ध मोबाइल नंबर XXXXXX0958 की लोकेशन निकाली गई। 10 जनवरी की रात को साइबर सेल और आसपुर पुलिस टीम ने शुभ शांति विहार अपार्टमेंट उमरड़ा (उदयपुर) पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान फ्लैट नंबर 208, ब्लॉक ए से लेकर फ्लैट नंबर 404, ब्लॉक डी तक की जांच की। इस दौरान फ्लैट नंबर 304 से बड़ौदा (आसपुर) निवासी हरीश पुत्र गौतम और पारड़ा जानी (आसपुर) निवासी अनिल पुत्र अमरजी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान फ्लैट नंबर 307 से पिंडावल (साबला) निवासी रमेश पाटीदार (35) पुत्र नाथू पुलिस को देखकर भागने लगा। आरोपी तीसरी मंजिल से भागकर चौथी मंजिल की छत पर पहुंच गया। पुलिस से बचने के प्रयास में छत से बालकनी में गिर गया। आरोपी को गंभीर हालत में पेसिफिक हॉस्पिटल उमरड़ा (उदयपुर) में भर्ती कराया गया, जहां से महाराणा भोपाल हॉस्पिटल, उदयपुर में रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार रात को ही मौत हो गई। उसका शव मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। वहीं परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई। आसपुर पुलिस ने मंगवाया अतिरिक्त जाप्ता
मामले की सूचना के बाद पाटीदार समाज में आक्रोश है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लाइन से 20 जवान और साबला व निठाऊवा थाने से भी पुलिसकर्मियों को आसपुर थाने पर बुलाया। एप पर लड़कियों की फोटो दिखाकर ठगी
पुलिस ने बताया-ऑपरेशन प्रतिबिंब के तहत साइबर ठगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। सूचना के बाद आसपुर के दो आरोपियों को उदयपुर से गिरफ्तार किया गया है। एक मौके से फरार हो गया। वहीं एक आरोपी बचने के प्रयास में छत से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सभी एप के जरिए लड़कियों की फोटो दिखाकर उपलब्ध कराने का झांसा देते थे। इसके बाद लोगों से साइबर ठगी करते थे। ऐसे में मामलों में इज्जत के डर से पीड़ित व्यक्ति जल्दी से शिकायत नहीं करता है। इसी बात का आरोपी फायदा उठाते हैं। रमेश के पिता की बचपन में ही मौत हो गई थी। मां लकवे से ग्रस्त है। परिवार में एक 13 साल का बेटा और 10 साल की बेटी करिश्मा है। रमेश का एक बड़ा भाई भी है, लेकिन वह अपंग और मंदबुद्धि है। विधायक ने लगाया पुलिस पर आरोप
वल्लभ नगर के विधायक उदयलाल डांगी ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चार दिन पहले पुलिस ने 9 लाख रुपए वसूले थे। दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन निर्दोष लोगों को क्यों परेशान किया जा रहा है। आए दिन पुलिस ऐसे लोगों को पकड़कर डराती-धमकाती है और फिर छोड़ देती है। कार्रवाई क्यों नहीं होती? साइबर क्राइम में भी पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। डांगी ने मृतक के परिवार के लिए सरकारी नौकरी की मांग की है और कहा है कि वहां तैनात तीन-चार पुलिसकर्मियों ने आतंक मचा रखा है। ऐसे पुलिसकर्मियों को तत्काल हटाया जाना चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *