भास्कर न्यूज | घरघोड़ा घरघोड़ा थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में भेज दिया। जानकारी के अनुसार बुधवार को थाना घरघोड़ा के सहायक उप निरीक्षक रामसजसीवन वर्मा हमराह स्टाफ के साथ पेट्रोलिंग पर थे। इस दौरान घरघोड़ा बस स्टैंड और ग्राम चुहकीमार में फेरी करने आए बाहरी व्यक्तियों की चेकिंग के समय अर्जुन गोगालिया, नौशाद, पंकज कछुआ और वकील कछुआ ने पुलिसकर्मियों से अनावश्यक बहस करते हुए शोर-शराबा किया। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव के निर्देशन पर चारों को थाना लाया गया, जहां भी उन्होंने हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। इसी तरह एक अन्य मामले में तिल्लाईपल्ली कोयला खनन परियोजना क्षेत्र में शांति भंग की आशंका को लेकर भी पुलिस ने सख्त कदम उठाया। रामलाल राठिया निवासी चोटीगुड़ा, जो कार्य के दौरान बेस्ट बीट खदान क्षेत्र में शराब के नशे में बार-बार पहुंचकर विवाद और मारपीट करता था, को सुरक्षाकर्मियों द्वारा थाना लाया गया। पुलिस की समझाइश के बाद भी नहीं मानने पर उसके विरुद्ध धारा 170 और अन्य प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।


