अनूपपुर-अमरकंटक मेन रोड पर सकरा ग्राम पंचायत के छीरा पटपर में एक पुल के नीचे एक नवजात बच्ची का शव बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, मृत बच्ची की उम्र महज एक से दो दिन की थी। शुक्रवार की शाम को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि छीरापटपर गांव के पास इमली पेड़ पुल के नीचे एक झोले में नवजात का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही कोतवाली निरीक्षक अरविंद जैन के निर्देश पर सहायक उप निरीक्षक संतोष पांडेय पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर जांच के दौरान पुलिस को एक झोले में नवजात बच्ची का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिया है। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।


