भास्कर संवाददाता|गंजबासौदा बर्रीघाट स्थित बेतवा नदी के पुल के नीचे 15 दिसंबर को बोरे में मिली युवक की लाश की पहचान को लेकर नया मोड़ आ गया है। पहले शव को रीवा जिले के 32 वर्षीय सतीश कुशवाहा का बताया गया था। अब परिजनों ने शव को पहचानने से इनकार कर दिया है। परिजनों ने बुधवार सुबह बासौदा पहुंचकर शव को ध्यान से देखा। इसके बाद साफ कहा कि यह उनके परिवार का सदस्य नहीं है। इस पुष्टि के बाद पुलिस की जांच फिर से शुरुआती बिंदु पर पहुंच गई है। पुलिस के अनुसार शव लंबे समय तक पानी में डूबा रहा। चेहरा और शरीर के कई हिस्से सड़ चुके हैं। इसी कारण पहचान करना मुश्किल हो गया है। अब पुलिस कपड़ों, गले में बंधी बेल और उसमें लिपटी पिन जैसे सुरागों के आधार पर पहचान की कोशिश कर रही है। रीवा जिले का युवक 1 दिसंबर से लापता, गुमशुदगी भी दर्ज जांच में सामने आया है कि रीवा जिले का सुशील नामक युवक 1 दिसंबर से लापता है। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। वह खाना बनाने का काम करता था। अचानक लापता हो गया। उसका मोबाइल फोन भी एक महीने से बंद है। इससे पुलिस को कोई डिजिटल सुराग नहीं मिल पा रहा। देहात थाना पुलिस ने अब जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस उन जगहों पर छानबीन कर रही है, जहां बाहरी मजदूर और लेबर काम कर रहे हैं। खासकर नेशनल हाईवे निर्माण स्थलों पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को शक है कि मृतक किसी बाहरी जिले या राज्य से आकर यहां काम कर रहा हो सकता है।


