पूरे प्रदेश में 18 अगस्त तक हो सकती है बारिश:तेज हवा और वज्रपात की संभावना, राज्य में सामान्य से 34% अधिक हुई बरसात

झारखंड में मानसून सामान्य बना हुआ है। रोज ही तकरीबन हर जिले में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 अगस्त तक राज्य के कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना बनी हुई है। साथ ही हवा 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ चल सकती है। आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना बनी हुई है। मौसम के ऐसे हालात की वजह से यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, झारखंड में अब तक (एक जून से 14 अगस्त तक) 872.8 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है। जबकि इस अवधि में झारखंड में सामान्य बारिश 650.2 एमएम ही होती है। राज्य में अब तक सामान्य से 34% अधिक बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश राजमहल में हुई राज्य में मानसून सामान्य रहा। पिछले 24 घंटे में राज्य में अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश 56 एमएम राजमहल में दर्ज की गई। वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज की गई। पाकुड़ और देवघर में सामान्य से कम रही बारिश इधर, झारखंड में दो जिले ऐसे हैं, जहां अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है। इसमें देवघर और पाकुड़ जिला शामिल है। देवघर में एक जून से 14 अगस्त तक 596.5 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से 4% कम है। जबकि पाकुड़ में 13% कम बारिश दर्ज की गई। वहीं, रांची में एक जून से 14 अगस्त तक 1074 एमएम बारिश हो चुकी है। जो सामान्य से 12% अधिक है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *