जीईएल चर्च कलीसिया ने गुरुवार को 106वीं ऑटोनॉमी वर्षगांठ मनाई। इस अवसर पर गोस्सनर ब्यॉवज मिडिल स्कूल मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के तौर पर मॉडरेटर मार्शल केरकेट्टा शामिल हुए। उन्होंने चर्च के इतिहास से कलीसिया के अॉटोनोमस होने की बात बताई। कहा कि जब हमारे पूर्वजों ने कलीसिया को खुद से चलाने का निर्णय लिया तब कलीसिया छोटी थी और समस्याएं भी छोटी थी। लेकिन समय के साथ कलीसिया बढ़ी और इसके साथ समस्याएं भी बढ़ी। जिस तरह से पूर्वजों ने धैर्य के साथ और मिलजुल कर कलीसिया का संचालन किया, ठीक उसी प्रकार हमें भी वर्तमान समय में कलीसिया का संचालन धैर्य के साथ और मिलजुल कर करना होगा। हमें आज अपने योगदान से परमेश्वर के उद्देश्य को सफल करना है। एकमन होकर एक-दूसरे को सहयोग कर, प्रेम के साथ जीवन जीएं, ताकि समाज की उन्नति हो। हमारे पास जो भी संपति है कलीसिया की सेवा के लिए अर्पण करे और मिलकर कलीसिया को चलाए। मौके पर बिशप सीमांत तिर्की, बिशप लोलस मिंज, रेव्ह अनुप जॉली भेंगरा, रेव्ह नीरल बागे, रेव्ह जॉर्ज केरकेट्टा, रेव्ह अनुराग मिंज समेत अन्य लोग थे। गोस्सनर मिडिल स्कूल, गोस्सनर हाई स्कूल, एलिजाबेथ हाई स्कूल, बेथेसदा टीचर ट्रेनिंग, बेथेसदा बीएड कॉलेज, गोस्सनर थियोलॉजिकल कॉलेज, हेडक्वार्टर मंडली और युवा मंडली के सदस्यों के लिए फैंसी ड्रेस, ड्राइंग , दौड़ प्रतियोगिता, तीन पैर दौड़, मेंढक दौड़, टॉफी दौड़, बाइबल क्विज जैसी कई प्रतियोगिताओं में सभी ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता का संचालन महिमा गोल्डेन ने किया।


