पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह पहुंचे जामताड़ा:कहा- भरे बाजार में लूट और फायरिंग की घटना सरकार की कानून-व्यवस्था की विफलता का प्रमाण

जामताड़ा के मेन बाजार स्थित बालाजी ज्वेलर्स के मालिक पर हुए हमले और लाखों रुपए के गहनों की लूट के मामले पर गुरुवार को पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों से मुलाकात की और चेंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा बुलाए गए बंद का समर्थन किया। इस अवसर पर रणधीर सिंह ने कहा कि भरे बाजार में ऐसी बड़ी घटना होना सरकार की कानून-व्यवस्था की विफलता का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि वे लगातार कानून-व्यवस्था को लेकर आवाज उठाते रहे हैं और जामताड़ा की यह घटना इसका ज्वलंत उदाहरण है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अपराधी खुलेआम बंदूक लहराते हुए फरार हो गए, जबकि घटनास्थल के पास ही एसपी आवास और कार्यालय मौजूद है। पूर्व मंत्री ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जामताड़ा में आसपास के इलाकों से लोग व्यापार के लिए आते थे, लेकिन अब व्यापारी डरे हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया था, लेकिन अब कुछ ही घंटे शेष हैं और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही है। प्रशासन के साथ-साथ सरकार का भी घेराव किया जाएगा उन्होंने सरकार से मांग की कि जामताड़ा के सभी चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की जाए ताकि व्यापारी निडर होकर अपना कारोबार कर सकें। रणधीर सिंह ने चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटना दोबारा हुई तो प्रशासन के साथ-साथ सरकार का भी घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जामताड़ा जिला पहले शांत इलाका माना जाता था, लेकिन अब यहां भी देवघर और मधुपुर जैसी घटनाएं होने लगी हैं। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार और मंत्री प्रशासन को स्वतंत्र रूप से काम नहीं करने दे रहे हैं। उन्होंने मंत्री इरफान अंसारी का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण ही ऐसी घटनाएं हो रही हैं। रणधीर सिंह ने कहा कि वे चेंबर ऑफ कॉमर्स के साथ मजबूती से खड़े हैं और इस घटना की कड़ी निंदा करते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *