कांग्रेस द्वारा शुरू किए गए वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान के तहत संगरूर में हस्ताक्षर मुहिम की शुरुआत की गई। पूर्व कैबिनेट मंत्री विजय इंदर सिंगला, हलका संगरूर के तमाम कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर कर इस मुहिम का समर्थन किया। विजय इन्दर सिंगला ने कहा कि बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दशहरा पर्व पर आरंभ की गई यह मुहिम लोकतंत्र के खिलाफ हो रहे गलत कार्यों के विरुद्ध जन-जागरूकता लाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस मुहिम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सत्ता में बने रहने के लिए किस प्रकार सत्ताधारी दल वोटों की चोरी कर लोकतंत्र को चोट पहुंचा रहा है। वोट चोर, गद्दी छोड़ सिर्फ एक नारा नहीं बल्कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे के नेतृत्व में लोकतंत्र को बचाने की एक मजबूत आवाज है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा केंद्र सरकार चुनावी प्रक्रियाओं, विशेषकर ईवीएम में हेराफेरी और संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जे जैसे कृत्यों से लोकतंत्र की नींव को कमजोर कर रही है।


