नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बड़वानी जिले के राजपुर में पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन के पैतृक निवास कासेल पहुंचकर उनकी बेटी प्रेरणा बच्चन के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। सिंगार ने शोक व्यक्त करने के बाद मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों और स्वच्छता अवॉर्ड को लेकर सवाल उठाए। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के कई नेता भी मौजूद थे। बाला बच्चन के परिवार से की मुलाकात इस दौरान सिंघार पूर्व मंत्री बाला बच्चन से मिले। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बाला बच्चन के परिवार के लिए यह समय बहुत दुखद है। उनकी बेटी प्रेरणा का शुक्रवार तड़के इंदौर के रालामंडल में सड़क हादसे में निधन हो गया था। पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा है। बोले- इंदौर की स्वच्छता रैंकिंग फर्जी उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि इंदौर की स्वच्छता रैंकिंग फर्जी है। उन्होंने कहा कि शहर के नलों से ‘जहर’ बह रहा है, जिससे 20 लोगों की मौत हो चुकी है। सिंगार ने सवाल किया कि इंदौर को लगातार आठ बार सबसे साफ शहर का टैग कैसे मिला, जबकि लोगों को साफ पानी तक नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि सरकार ने नकली दस्तावेजों के आधार पर अवॉर्ड हासिल किए हैं। असली समस्याओं से ध्यान भटकाकर धार्मिक मुद्दे बढ़ा रही सिंघार ने कहा कि भाजपा सरकार असली समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक और सांप्रदायिक मुद्दों को आगे बढ़ाती रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या दूषित पानी पीने वाले लोग हिंदू नहीं थे। उन्होंने कहा कि जनता के बुनियादी अधिकार जैसे स्वच्छ पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा हाशिये पर चले गए हैं, जबकि जगह-जगह हिंदू सम्मेलन किए जा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं के साथ की बैठक बड़वानी दौरे के दौरान उमंग सिंघार ने कांग्रेस के अन्य नेताओं से भी मुलाकात की। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष नानेश चौधरी, हरचरण सिंह भाटिया, विधायक राजन मंडलोई, प्रदेश महासचिव गिरीश जायसवाल, राहुल राठौर, युवा नेता अरुण यादव और दिलीप मुकाती सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।


