पूर्व दोस्त ने डिफेंस ठेकेदार को बताया ISI एजेंट:सफाई दे देकर परेशान हुआ ठेकेदार, ग्वालियर में शिकायत; पुलिस ने शुरू की जांच

रिश्तों में खटास पड़ी तो दोस्त ने अपने डिफेंस ठेकेदार मित्र को आईएसआई का एजेंट बताना शुरू कर दिया। उसने हर उस जगह यह बात पहुंचा दी जहां से ठेकेदार का कारोबार चलता था। अब ठेकेदार सफाई दे देकर परेशान है। आखिर वह पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचा और पूर्व दोस्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। पड़ाव थाना क्षेत्र के साकेत नगर निवासी फरियादी नीतीश कुमार ने बताया कि वह लंबे समय से डिफेंस क्षेत्र में ठेकेदारी करते हैं। उनकी दोस्ती महेश राठौर से हुई थी, लेकिन बाद में उनके संबंध खराब हो गए। नीतीश कुमार के अनुसार दोस्ती टूटने के बाद महेश राठौर ने उनके खिलाफ झूठी शिकायतें करना शुरू कर दिया। इन शिकायतों में महेश राठौर ने नीतीश कुमार को ISI एजेंट तक बताया है। नीतीश कुमार का कहना है कि इन गंभीर आरोपों के कारण उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंच रहा है और डिफेंस से जुड़े उनके काम पर भी सीधा असर पड़ रहा है। बार-बार सफाई देनी पड़ रही ठेकेदार ने बताया कि बार-बार की जा रही झूठी शिकायतों के कारण उनकी ठेकेदारी से संबंधित फाइलें अटक रही हैं और उन्हें अधिकारियों के सामने बार-बार सफाई देनी पड़ रही है। इससे उन्हें मानसिक तनाव के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। उन्होंने इसे निजी रंजिश के चलते देशद्रोह जैसे गंभीर आरोप लगाने की साजिश बताया। नीतीश कुमार ने एसपी कार्यालय में दी गई शिकायत में महेश राठौर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए तथ्यों की बारीकी से जांच की जाएगी और यदि शिकायतें झूठी पाई जाती हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *