पूर्व पार्षद पर हमला-लूट, तीन आरोपी गिरफ्तार:बारां में 45 हजार और सोने की चेन लूटी, धारदार हथियार से किया था हमला

बारां में पूर्व वार्ड पार्षद उमेश नागर पर हुए जानलेवा हमला और लूट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शहर के तलावड़ा रोड पर हुई इस वारदात में बदमाशों ने नागर से 45 हजार रुपये नकद और दो तोले की सोने की चेन लूट ली थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि यह घटना 23 जनवरी को दोपहर करीब 12 बजे तलावड़ा रोड स्थित महाराणा प्रताप टाउनशिप के मुख्य गेट के पास हुई थी। पीड़ित उमेश नागर रविंद्र मुंशी को पैसे दे रहे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवक वहां पहुंचे। इनमें से तीन बदमाशों ने अचानक धारदार हथियार और सरिए से उमेश नागर के सिर पर हमला कर दिया। बदमाशों ने उनके हाथ से 45 हजार रुपये छीन लिए और गले से सोने की चेन तोड़ ली। जब नागर ने भागने की कोशिश की, तो उन्हें दोबारा घेरकर हमला किया गया, जिससे उनके हाथ, कंधे और घुटनों पर गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए, एएसपी राजेश चौधरी के सुपरविजन और वृत्ताधिकारी हरिराम सोनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। थानाधिकारी योगेश चौहान और साइबर सेल प्रभारी जगदीश चंद्र शर्मा की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जगजीवनराम कॉलोनी निवासी अजय जाटव, नरेंद्र जाटव उर्फ भोला और रोहित जाटव के रूप में हुई है। पुलिस उनसे घटना के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है और उनकी अन्य आपराधिक वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में कोतवाली सीआई योगेश चौहान, साइबर सेल प्रभारी एएसआई जगदीशचंद्र शर्मा, एएसआई बनवारीलाल, परशुराम, हेड कांस्टेबल अमरचंद, पवन कुमार, हरीश भाटी और प्रकाश चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *