पूर्व प्रधानमंत्री अटल की प्रतिमा पर डाली जूतों की माला:खैरागढ़ में रात के अंधेरे में वारदात, ग्रामीण आक्रोशित; कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग

छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। शहर से 12 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत अवेली में गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने देखा कि अटल चौक पर स्थापित वाजपेयी की प्रतिमा पर किसी ने जूतों की माला पहना दी है। मामला जालबांधा थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्राम कोतवाल की मदद से प्रतिमा से माला हटाई गई। गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण इस घटना से आक्रोशित हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह 4 बजे इस इलाके की सभी लाइट बंद थी, जबकि विभाग ने बिजली सप्लाई बंद नहीं की थी। वहीं, कांग्रेस ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। सुबह 4 बजे सभी लाइट बंद हुई थी जांच में सामने आया कि बुधवार रात अटल चौक के पास दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन रात करीब 2 बजे हुआ था। इसके बाद रात 4 बजे के आसपास चौक की सभी लाइटें बंद हो गईं। बिजली विभाग का कहना है कि उन्होंने सप्लाई बंद नहीं की थी। आंदोलन की चेतावनी ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच और भाजपा नेता डोरेलाल साहू ने वरिष्ठ भाजपा नेताओं को घटना की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि अगर दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर भाजपा कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों की तलाश में जुटी है। इस घटना पर कांग्रेस नेता एवं विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने विरोध जताया है। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। देवांगन ने कहा यह कोई सामान्य शरारत नहीं, बल्कि अटल जी की राष्ट्र निष्ठा और विचारधारा पर सीधा प्रहार है। हम इस निंदनीय घटना की कड़ी भर्त्सना करते हैं। अटल जी किसी एक पार्टी के नहीं, पूरे देश के प्रधानमंत्री थे। वे भारत रत्न थे और उनके साथ ऐसा व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। प्रशासन को चाहिए कि वह तत्काल दोषियों की पहचान कर कड़ी से कड़ी सजा दे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *