जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। बस ऑपरेटर धर्मशाला में आयोजित शोक सभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कांग्रेसियों ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्रपट पर पुष्प अर्पित कर देश के लिए उनकी सेवाओं को याद किया। जिलाध्यक्ष शिवराज मीणा ने उनकी जीवनी और देश के लिए योगदान की जानकारी दी। वक्ताओं ने डॉक्टर मनमोहन सिंह की निष्ठा, ईमानदारी और देश के प्रति समर्पण को याद किया तथा उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। जिला अध्यक्ष ने कहा, डॉक्टर मनमोहन सिंह का निधन पूरे देश के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने अपने कार्यकाल में देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई। उनकी सादगी और विनम्रता हमें हमेशा प्रेरित करती रहेंगी। पीसीसी सचिव भूपेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर है। डॉ. मनमोहन सिंह की उपलब्धियों और उनके द्वारा किए गए कार्यों को देश हमेशा याद रखेगा। डॉ. मनमोहन सिंह एक महान अर्थशास्त्री और दूरदर्शी नेता थे, जिनके नेतृत्व में भारत ने कई महत्वपूर्ण प्रगति की। उन्होंने कहा कि आर्थिक डॉ. मनमोहन सिंह ने 1991 में वित्त मंत्री रहते हुए भारत की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार किए। उनकी नीतियों के परिणामस्वरूप देश ने उदारीकरण, निजीकरण और वैश्वीकरण की दिशा में कदम बढ़ाए, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिली। प्रधानमंत्री के रूप में, उन्होंने वित्तीय स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा दिया। उनके कार्यकाल में भारत ने उच्च जीडीपी वृद्धि दर प्राप्त की और विदेशी निवेश में वृद्धि हुई। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू कीं, जैसे कि मनरेगा, जिसने ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा दिया और गरीबी में कमी लाने में मदद की। उनके नेतृत्व में, भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी स्थिति को मजबूत किया। डॉ. सिंह ने विभिन्न देशों के साथ व्यापारिक और सामरिक संबंधों को बढ़ावा दिया। उनके कार्यकाल में भारत और अमेरिका के बीच ऐतिहासिक नागरिक परमाणु समझौता हुआ, जिसने भारत को वैश्विक परमाणु ऊर्जा बाजार में प्रवेश करने का अवसर प्रदान किया। डॉक्टर सिंह की नेतृत्व क्षमता, उनके ज्ञान और अनुभव ने भारत को एक नई दिशा दी और उनकी सेवाओं के लिए हम सदैव कृतज्ञ रहेंगे। सभा में ने दो मिनट का मौन रखकर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। सभा का समापन राष्ट्रगान के साथ किया। इस मौके पर हिंडौन विधायक अनीता जाटव, जिला उपाध्यक्ष विशंभर शर्मा, राम चरण मीणा, जिला महासचिव भगवान सहाय शर्मा, उपसभापति सुनील सैनी, करौली शहर ब्लॉक अध्यक्ष रामगोपाल माली, सरदो गुर्जर, रिजवान खान, राजेश पहाड़ी समयराज मीणा, लक्ष्मी मीणा, सविता मीणा, जगदीश मीणा, बृजमोहन कोटवाल, हरिराम माली, अब्दुल जलील, लोकेश सिंह, रामगिलास बैरवा, अमर सिंह सरपंच, इंद्राज जाटव, विष्णु मुंदरी, सुरेश कुमार, चंद्र प्रकाश सैनी, हनुमान सिंह मानसिंह ठीकम, गिर्राज प्रसाद, प्रदीप सिंह घावई व अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


