पूर्व मंत्री बोले- आंजना खुद तय करेगा अपना उत्तराधिकारी:कहा- राहुल से मैंने जिलाध्यक्ष पद मांगा था; मुझे ऐतिहासिक समर्थन था, वोट चोरी के चलते हारा

पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा- लोग मेरा उत्तराधिकारी ढूंढने में लगे हैं। उदयलाल आंजना खुद तय करेगा कि मेरा उत्तराधिकारी कौन होगा। उन्होंने कहा- मैंने तो खुद राहुल गांधी से कहा था कि मुझे जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दे दीजिए। लेकिन, उन्होंने मजाक में कहा- आपने सांवलिया जी तक पैदल यात्रा की है तो आपको यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष बना देंगे। मंच से आंजना ने चुनाव में हुई हार को लेकर भी बात की। कहा- मुझे ऐतिहासिक समर्थन था, लेकिन वोट चोरी की वजह से हार गया। रविवार को नव नियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया के शपथ ग्रहण समारोह था। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना भी मौजूद रहे। आंजना ने सिसोदिया से कहा- आज से ही चित्तौड़गढ़ के कुछ नेता दिल्ली में आपके खिलाफ जुट गए हैं। प्रमोद जी को सावधान रहने की जरूरत है। यदि लोकसभा चुनाव के समय प्रमोद सिसोदिया को कार्यकारी जिलाध्यक्ष बना दिया जाता, तो शायद मैं चुनाव नहीं हारता। उस समय निर्णय लेने में गलती हुई। मैं तो खुद अध्यक्ष बनने के लिए दौड़ रहा था समारोह में आंजना ने कहा- जब लोकसभा चुनाव था, तब मुझे चित्तौड़ जिले के कुछ नेताओं ने कहा कि जिस दिन आप प्रमोद को कार्यकारी अध्यक्ष बना देंगे, उस दिन हम घर बैठ जाएंगे। उस स्थिति में मैं चुनाव लड़ रहा था और इतनी बड़ी रिस्क नहीं ले सकता था। इसलिए मुझे पीछे हटना पड़ा। लेकिन आज जब चुनाव आ गया है, तो प्रदेश कांग्रेस कमेटी और AICC ने सही समय पर सही निर्णय लिया है। मैं किसी को बनाने वाला नहीं हूं, मैं तो खुद ही अध्यक्ष बनने के लिए दौड़ रहा था। राहुल ने कहा- आपको यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष बना देते हैं आंजना ने बताया कि मैंने खुद राहुल गांधी से अध्यक्ष पद की इच्छा जताई थी। राहुल गांधी से मिला और कहा कि मैं भी अध्यक्ष बनना चाहता हूं। राहुल गांधी ने मजाक में कहा कि अभी तो आप सांवलिया जी तक पैदल गए थे, इसलिए आपको यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष बना देंगे। यूथ कांग्रेस का पद आए तो मेरा ध्यान रखना। मैं प्रमोद के ऊपर भी और प्रमोद के नीचे भी काम करने को तैयार हूं। आंजना खुद तय करेगा अपना उत्तराधिकारी आंजना ने कहा- जब पहली मीटिंग हुई और ऑब्जर्वर आए, मैंने साफ कहा था कि मेरा कोई उम्मीदवार नहीं है और मैं खुद भी उम्मीदवार नहीं हूं। कुछ लोग निंबाहेड़ा में मेरा उत्तराधिकारी ढूंढने निकले थे। मेरे उत्तराधिकारी की तलाश किसी को नहीं करनी, उदयलाल आंजना खुद तय करेगा कि मेरा उत्तराधिकारी कौन होगा। दूसरी विधानसभा में कौन आगे आएगा, यह प्रमोद सिसोदिया की राय से तय होगा। भेरूलाल चौधरी मेरे बहुत करीब है। मैंने कहा था कि आप अध्यक्ष बन जाइए। उन्होंने मना कर दिया। फिर प्रमोद को आगे किया गया। बाद में भैरूलाल का मन बदला, लेकिन मैंने कहा कि मैं बार-बार निर्णय नहीं बदल सकता। उनका कार्यकाल अच्छा था, आगे भी ले जाते, लेकिन वे विवादों में फंस गए और ऐसे आदमियों के शरण में जाएगा तो ऐसे ही होगा। जिनकी खुद की धरातल का कोई पता नहीं है वो मेरा उत्तराधिकारी ढूंढ रहे हैं। कुछ लोग दिल्ली चक्कर लगा रहे आंजना ने कहा कि सभा में जो लोग आए हैं, वे किसी व्यक्ति विशेष के समर्थन में नहीं बल्कि कांग्रेस अध्यक्ष के स्वागत के लिए आए हैं। उन्होंने कहा- ये लोग प्रमोद सिसोदिया के समर्थन में नहीं आए हैं, बल्कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष के लिए आए हैं। कांग्रेस मजबूत है, लेकिन पूर्व सांसद निर्मला के समय से पार्टी को तोड़ने का प्रयास होता आया है और आज तक जारी है। प्रमोद जी को सावधान रहने की जरूरत है। चित्तौड़ के कुछ नेता तो आज से ही आपके खिलाफ दिल्ली में लग गए हैं। वे कह रहे हैं कि छह महीने में राहुल गांधी आपको हटा देंगे। वे संगठन के लिए काम नहीं कर रहे, बल्कि आपको परेशान करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन जब कार्यकर्ताओं की इतनी बड़ी फौज आपके साथ है, तो हम सब मिलकर काम करेंगे और जीत का परचम फहराएंगे। वोट चोरी के कारण हुई थी हार आंजना ने कहा- जब मैं लोकसभा चुनाव लड़ रहा था, गांव-गांव जो समर्थन मिला, वह ऐतिहासिक था। जितना समर्थन मुझे मिला, उतना वर्तमान सांसद सीपी जोशी को नहीं मिला। मेरी हार वोट चोरी के कारण हुई। अगर मैं उस समय यह कहता तो लोग मुझे बहाना बनाने वाला कहते। लेकिन आज राहुल गांधी खुद कह रहे हैं, पूरा देश मान रहा है कि वोट चोरी हुई। चित्तौड़ में भी वोट चोरी के कारण मैं हारा, नहीं तो हारने का सवाल ही नहीं था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *