नागौर के सरासनी गांव में पुलिस और किसानों के बीच हुई झड़प के बाद जेएलएन जिला अस्पताल में भर्ती किसानों से मिलने के लिए पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल पहुंचे। उन्होंने किसानों से कुशलक्षेम पूछी। इसके बाद जिला अस्पताल के चिकित्सकों से बातचीत की। पूर्व विधायक बेनीवाल ने डॉक्टर्स से सभी भर्ती किसानों के स्वास्थ्य के बारे में विस्तार से जानकारी ली और रेगुलर मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल ने अस्पताल में भर्ती किसानों से बातचीत के दौरान कहा- हमें ये लड़ाई अगली पीढ़ी के हितों के लिए लड़नी है। रालोपा प्रमुख नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई है। सांसद हनुमान बेनीवाल के नागौर पहुंचने के बाद आगामी आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। पीएमओ से की मुलाकात, भर्ती किसानों से पूछे हाल-चाल
भर्ती किसानों ने पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल को बताया कि नर्सिंग स्टाफ समय पर देखभाल कर रहे हैं। लेकिन सीटी स्केन की मशीन खराब बताकर रोजाना सीटी स्केन टाला जा रहा है। कुछ लोगों के सिर में चोटें आईं हैं। फिर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल ने जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. आरके अग्रवाल से सीटी स्केन मशीन की खराबी को लेकर नाराजगी जताई। भर्ती किसानों से मुलाकात के बाद पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल ने कहा कि सरासनी की घटना में घायल लोगों से मुलाकात की है। इनसे मिलकर ऐसा लग रहा है कि जैसे अंग्रेजों का जमाना फिर से आ गया है। इस तरह से महिला, बच्चों और बुजुर्गों को पीटा गया है। सांसद हनुमान बेनीवाल के अलावा किसी ने इन किसानों के बारे में बात तक नहीं की। ऐसा लग रहा है कि इस सीमेंट कंपनी ने कुछ नेताओं के इशारे पर पूरे प्रशासन को खरीद लिया है। हम आरटीआई के तहत ये जानकारी लेंगे कि इस(जेएसडब्लू प्लांट) काम के लिए कितनी बार पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी और जाब्ता वहां लगाए गए हैं? बोले- अब ईंट का जवाब पत्थर से देने का समय
पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल ने कहा कि अब ईंट का जवाब पत्थर से देने का समय आ गया है। इस तरह से तो यहां के गैर मुमकिन जोहड़ों में सीमेंट प्लांट लगा दिए जाएंगे तो किसान रहेगा कहां? हम ढंग से खड़े हो गए तो इनको झुकना पड़ेगा नहीं तो नागौर का प्रशासन सत्ता पक्ष के लोगों के चक्कर में पूरा बिका हुआ है और किसानों की जमीनें औने-पौने दामों में बेचने का प्रयास कर रहे हैं। पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल ने कहा कि यहां कई लोगों की चोट लगी है लेकिन सीटी स्केन की मशीन खराब है। पीएमओ से बात की है अगर सरकार असक्षम है तो जनप्रतिनिधियों को बताएं, हम मिलकर व्यवस्था करेंगे। चिकित्सा मंत्री गला फाड़-फाड़कर कह रहे हैं कि पूरे राजस्थान की चिकित्सा व्यवस्था सुधार दी, अरे अपने जिले की व्यवस्था तो संभालो। कोई आता है तभी यहां झाड़ू लगाई जाती है। लालच के चक्कर में भाजपा नेताओं को दबाने का आरोप
पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल ने कहा कि ये आर्थिक युग है। यहां बड़े-बड़े अर्थ वाले लोग हैं। जेएसडब्लू कंपनी वालों ने किसी बड़े लालच के चक्कर में भाजपा नेताओं को दबाया है। जमीनें जा रही हैं, हमारे लोग समझ नहीं रहे हैं। ये लोग फूट डाल रहे है और कई जगह सरपंच से लेकर एमएलए- मंत्री तक सब लोगों का एक सिस्टम सेट कर लिया, ये पीड़ादायक बात है। लेकिन हमें अपने बच्चों के बारे में सोचना है कि यदि हमारी जमीन सस्ते दामों में चली गई तो आने वाली पीढ़ियां कैसे माफ करेंगी? राइजिंग राजस्थान के नाम पर किसी को तंग किया जाएगा तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे और ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा।


