पूर्व सांसद बोलीं-कांग्रेस ने युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया:भजनलाल सरकार ने बेरोजगारों को रोजगार दिया, नियुक्ति पत्र सौंपे

भाजपा की प्रदेश महामंत्री और पूर्व सांसद संतोष अहलावत ने कहा- सीएम भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के हजारों युवाओं को सरकारी नौकरियों की सौगात दी। यह पहली ऐसी सरकार है, जो लगातार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने का काम कर रही हैं। दूसरी ओर पिछली कांग्रेस सरकार ने प्रदेश सहित झुंझुनूं जिले के विकास के साथ युवाओं के रोजगार पर भी विराम लगा दिया था। अहलावत ने सोमवार को मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव को लेकर सर्किट हाऊस में आयोजित प्रेस वार्ता में यह बात कहीं। उन्होंने कहा- कांग्रेस ने पिछले पांच वर्षों के शासन में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। इसके कारण बेरोजगारी से तंग आकर युवा आत्महत्या कर रहा था और भाजपा की भजनलाल सरकार ने इसके खिलाफ एसआईटी गठित कर पेपर लीक माफियाओं को जेल भेजने के साथ बेरोजगार युवाओं को रोजगार भी मुहैया करवाया। अहलावत ने बताया कि राष्ट्रीय युवा दिवस 12 जनवरी को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बिरला ऑडिटोरियम जयपुर से 30 हजार करोड़ रुपए से अधिक के 76 हजार से अधिक कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। साथ ही सरकारी नौकरी में चयनित 13 हजार 500 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र भी दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आगामी दो वर्ष का परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया हैं, जिससे युवा बेरोजगारों को परीक्षाओं में पूर्व तैयारी करने का पूर्ण अवसर मिलेगा। भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भर्ती प्रक्रियाओं को समय पर पूरा किया जा रहा है। वहीं दस्तावेज सत्यापन सम्बंधित कार्य उसी संबंधित विभाग मे संपादित किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष बनवारीलाल सैनी ने कहा कि प्रदेश की पहली सरकार हैं, जिसमे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दूर दर्शिता के चलते राज्य सरकार ने युवाओं एव बेरोज़गारों के हितों को ध्यान में रखते हुए पहले वर्ष में ही एक लाख से ज्यादा नौकरियां और 47 हज़ार को नियुक्तियां दी हैं। मुख्यमंत्री लगातार युवाओं के हित में कार्य कर रहे हैं। राष्ट्रीय परिषद प्रतिनिधि विश्वंभर पूनिया ने कहा कि भजनलाल शर्मा की प्रदेश में नई खनन एव पर्यटन नीति से लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा। इस अवसर पर जिला महामंत्री सरजीत चौधरी, जिला उपाध्यक्ष प्यारेलाल ढूकिया, जिला प्रवक्ता कमल कांत शर्मा, रवि लांबा, चन्द्र प्रकाश शुक्ला सहित भाजपा के अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *