पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया मंगलवार रात को झालावाड़ पहुंचीं। उनके आगमन पर डाक बंगले में भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, एसपी अमित कुमार, एसडीएम अभिषेक चारण, भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, सभापति प्रदीप सिंह राजावत, ओम जांगिड़, नंदलाल वर्मा, मुकेश चेलावत, संजय जैन, ज्योति शर्मा, चंदमोहन धभाई, संजय वर्मा, सीएमएचओ साजिद खान और संदीप श्रोत्रिय सहित कई कार्यकर्ता और अधिकारी मौजूद रहे। विकास कार्यक्रमों में करेंगी शिरकत
पूर्व सीएम राजे अपने दौरे के दौरान जिले में प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों के कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी।
बुधवार शाम 4 बजे वे नगर परिषद झालावाड़ के नवीन भवन के भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में पट्टा वितरण के साथ-साथ शहर में प्रस्तावित सीसी रोड निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद शहर में एक भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध लोक गायक छोटू सिंह रावणा अपनी प्रस्तुति देंगे।
इस अवसर पर पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया और झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहेंगे। राजे, सांसद दुष्यंत सिंह की पदयात्रा के कार्यक्रम में भी मौजूद रहेंगी।


