पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर SGPGI से डिस्चार्ज:पुलिस देवरिया जेल ले गई, MICU में सीनियर डॉक्टरों का पैनल कर रहा था इलाज

पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर को SGPGI से शुक्रवार शाम डिस्चार्ज कर दिया गया है। पुलिस उनको लेकर लखनऊ से देवरिया जेल के लिए रवाना हो गई है। पिछले 24 घंटे से उनका संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान के कार्डियोलॉजी विभाग में इलाज चल रहा था। अमिताभ ठाकुर को कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट के MICU में रखा गया था। उनके इलाज के लिए सीनियर डॉक्टरों का एक पैनल गठित किया गया था। ECG, ईको समेत खून की कई अहम जांचें की गई थीं, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद स्थिति सामान्य पाई गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने डिस्चार्ज का फैसला लिया। पीजीआई में भर्ती पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर का कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. रुपाली खन्ना के निर्देशन में उपचार चल रहा था। पीजीआई के सीएमएस डॉ. देवेन्द्र गुप्ता का कहना है कि कार्डियोलॉजी विभाग के MICU में भर्ती अमिताभ ठाकुर की हालत अब ठीक है। उपचार कर रहे डॉक्टरों ने उनकी ईसीजी, ईको समेत खून से जुड़ी कई जांच रिपोर्ट के आधार पर इलाज किया जा रहा था। उन्हें बुधवार देर रात पीजीआई कार्डियोलॉजी विभाग के MICU में भर्ती कराया गया था। जेल में हुई थी सीने में दर्द की शिकायत अमिताभ ठाकुर धोखाधड़ी के एक मामले में देवरिया जिला जेल में बंद थे। मंगलवार रात देवरिया जिला जेल में उनको अचानक सीने में दर्द और भारीपन की शिकायत हुई। इसके बाद जेल प्रशासन ने उन्हें देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत में सुधार न होने पर उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। गोरखपुर से SGPGI रेफर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भी जब स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो मंगलवार में डॉक्टरों ने उन्हें SGPGI लखनऊ रेफर कर दिया। गुरुवार तड़के करीब एक बजे उन्हें SGPGI लाया गया, जहां कार्डियोलॉजी विभाग के MICU में भर्ती कर लिया गया। प्रो. डॉ. आदित्य कपूर और प्रो. डॉ. नवीन गर्ग की देखरेख में उनका शुरू हुआ। CMS ने बताया- हालत स्थिर है SGPGI के CMS प्रो. देवेंद्र गुप्ता के अनुसार, अमिताभ ठाकुर की हालत इस समय स्थिर है। कुछ जांचों की रिपोर्ट आना बाकी है, जिसके बाद उनकी स्थिति को लेकर पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। डॉक्टरों की टीम हर पहलू पर नजर बनाए हुए है। पूर्व आईपीएस अधिकारी के भर्ती होने के बाद SGPGI में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। MICU वार्ड के मुख्य प्रवेश द्वार पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा में दो इंस्पेक्टर और चार पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी पर हैं। डीसीपी निपुण अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। वार्ड में बिना गेट पास किसी भी तीमारदार के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *