निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर तहसील में खाद संकट गहरा गया है। एक महीने से खाद न मिलने के कारण किसान सड़क पर उतरने को मजबूर हो गए हैं। बुधवार सुबह किसानों ने मुख्य तिराहे पर चक्का जाम कर तत्काल खाद उपलब्ध कराने की मांग की। बुधवार को लगभग 11 बजे बड़ी संख्या में किसान पृथ्वीपुर के मुख्य तिराहे पर एकत्र हुए। उन्होंने खाद वितरण में हो रही लापरवाही के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि खाद न मिलने से बोनी का समय निकल रहा है, जिससे उन्हें भारी नुकसान की आशंका है। किसानों ने बताया कि वे पिछले एक महीने से लगातार खाद केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को कई बार शिकायतें भी दी हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। पृथ्वीपुर में खाद संकट को लेकर किसानों द्वारा सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने का यह पांचवां मामला है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी खाद की कमी को लेकर असंतोष व्याप्त है।


