भास्कर न्यूज | डौंडी छत्तीसगढ़ पेंशनर समाज शाखा डोंडी एवं जिला इकाई बालोद की जिला स्तरीय बैठक जनपद पंचायत डौंडी के सभागार में हुई। जिला अध्यक्ष जीके साहू ने कहा कि संगठन चाहे सेवारत कर्मचारियों का हो या सेवानिवृत्त कर्मचारियों का, शक्ति दोनों में होती है। आवश्यकता इस बात की है कि हम अपनी संगठनात्मक शक्ति को पहचानें। उन्होंने कहा कि यदि हम अपनी एकजुटता प्रदर्शित करें तो शासन को महंगाई भत्ता एवं आठवां वेतनमान लागू करना ही पड़ेगा। तहसील अध्यक्ष राममूरत भारद्वाज ने कहा कि पेंशनर्स का संगठन केवल शासन से मांगें मनवाने के लिए नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आपसी सद्भाव बढ़ाना और एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनना भी है। बैठक में भारतीय स्टेट बैंक दल्लीराजहरा के शाखा प्रबंधक राजेश घोड़ेश्वर एवं फील्ड ऑफिसर अनमोल श्रीवास्तव ने पेंशनर्स को बैंकिंग फ्रॉड से बचाव की जानकारी दी। विभिन्न ऋण सुविधाओं को बताया। बैंकों की स्वास्थ्य बीमा योजनाओं की भी जानकारी दी गई। शासकीय आयुर्वेदिक चिकित्सा केंद्र चिखलाकसा के डॉ. अमित द्विवेदी ने शासन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निशुल्क दवाइयों, पंचकर्म, शिरोधारा आदि उपचार पद्धतियों के बारे में बताया। औषधालय में भर्ती मरीजों के लिए निशुल्क व्यवस्था डेढ़ करोड़ रुपए से निर्मित नए औषधालय में मरीजों के भर्ती होने पर भोजन आदि की निशुल्क व्यवस्था उपलब्ध है। उन्होंने शुगर (मधुमेह) को नियंत्रित रखने के लिए उपयोगी सुझाव भी दिए। बैठक में जिला उपाध्यक्ष सीएल साहू, सचिव जीएस अग्निहोत्री, कोषाध्यक्ष डीआर सोनबोइर, सलाहकार नेमसिंह साहू, महिला उपाध्यक्ष देवकी बाई मानकर, संरक्षक बीआर बंजारे, उपाध्यक्ष बिहारी लाल ठाकुर, सावित्री नायक, सचिव विजय कुमार चौबे, कोषाध्यक्ष जेएल. ठाकुर आदि उपस्थित रहे।


