पेटलावद में सूने मकान में चोरी की कोशिश:बदमाश सीसीटीवी में कैद, मकान मालिक गोवा में

झाबुआ जिले के पेटलावद नगर के सुभाष मार्ग पर स्थित तुषार हरीश सोनी के सूने निवास में चोरी का प्रयास किया गया। शुक्रवार तड़के करीब 4:08 बजे अज्ञात बदमाश घर का ताला तोड़कर भीतर घुस गए, लेकिन किराएदार की सतर्कता के कारण उन्हें भागना पड़ा। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे और उन्होंने सूने घर का ताला चटका दिया। ताला टूटने की आवाज सुनकर ऊपर की मंजिल पर रह रहे किराएदार की नींद खुल गई। किराएदार ने तुरंत आसपास के लोगों को सूचित किया और डायल 112 पर पुलिस को फोन किया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही, पकड़े जाने के डर से बदमाश महज 15 मिनट के भीतर वहां से फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निर्भयसिंह भूरिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मकान मालिक तुषार, जो यातायात सेवाओं का संचालन करते हैं, वर्तमान में अपनी माता और छोटे भाई के साथ अपने ससुराल गोवा गए हुए हैं। घर के सदस्य बाहर होने के कारण अभी तक चोरी हुई सामग्री या किसी बड़े नुकसान का सटीक आकलन नहीं हो सका है। उनके लौटने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। सीसीटीवी फुटेज में तड़के 4:07 बजे एक संदिग्ध बाइक आती दिखाई दे रही है। इस घटना ने स्थानीय रहवासियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा कर दी है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *