रांची | उपायुक्त के निर्देश पर शनिवार को पेट्रोलियम पदार्थों में मिलावट व अवैध भंडारण करनेवालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस संबंध में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को गुप्त सूचना मिली थी कि बाला लौंग के पास पेट्रोलियम पदार्थ की वाहनों से चोरी कर मिलावट व अवैध भंडारण किया जा रहा है। इसी सूचना पर प्रशासन की टीम ने जब वहां जांच के लिए पहुंची तो वहां काफी मात्रा में अवैध रूप से रखे पेट्रोलियम पदार्थ मिले। टीम ने 4200 लीटर पेट्रोल, 250 लीटर डीजल व 13 लीटर स्प्रिट बरामद किया। इस मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी रांची प्रदीप भगत व प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नगड़ी भी उपस्थित थे। दोनों ने जांच में मिलावट व अवैध भंडारण को सही पाया। प्रशासन की ओर से पेट्रोलियम पदार्थों में मिलावट व अवैध भंडारण के आरोप में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। इनमें मुसाहिद मंसूरी और तौसिफ रजा शामिल है।


