पेट्रोल पंप से साढ़े 12 लाख रुपये का गबन,मैनेजर फरार:मैनेजर द्वारा दिया गया चेक हुआ बाउंस, संचालक ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट

अंबिकापुर के सकालो में संचालित पेट्रोल पंप के मैनेजर ने 12 लाख 50 हजार रुपये का गबन कर लिया। जब संचालक ने पेट्रोल पंप के अकाउंट की जांच की तो गड़बड़ी का खुलासा हुआ। मैनेजर ने 12.50 लाख रुपये का गबन करना स्वीकार किया। मैनेजर ने संचालक को रकम वापस करने का आश्वासन देकर दो चेक भी दिए जो बाउंस हो गए। मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, गुदरी चौक निवासी अरुणेंद्र प्रताप सिंह का सकालो में कतराज फ्यूल्स नाम से पेट्रोल पंप संचालित है। पेट्रोल पंप में गंगापुर निवासी राजेश कुमार गुप्ता (38 वर्ष) बतौर मैनेजर वर्ष मार्च 2020 से कार्यरत था। पेट्रोल पंप में मैनेजर के पद पर रहते हुए राजेश कुमार गुप्ता पेट्रोल पंप के सभी हिसाब रखता था। मैनेजर पर विश्वास करते हुए संचालक ने पूरी जवाबदेही उसे सौंप दी थी। अकाउंट की जांच में हुआ गबन का खुलासा पेट्रोल पंप के संचालक अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने 20 जून 2025 को पेट्रोल पंप के अकाउंट की जांच की तो पंप में करीब 12 लाख 50 हजार रुपये का हिसाब नहीं मिला। पूछताछ में राजेश कुमार गुप्ता के द्वारा उक्त रकम को गबन करना स्वीकार किया एवं उसने संचालक से माफी मांगते हुए जल्द पैसे वापस करने का आश्वासन दिया। राजेश कुमार गुप्ता के द्वारा राशि वापस करने की गारंटी के बतौर दो चेक 9 लाख रुपये एवं 3.50 लाख रुपये का हस्ताक्षर कर दिया। निर्धारित तिथि तक राजेश कुमार गुप्ता ने राशि वापस नहीं की। चेक हुए बाउंस, मैनेजर फरार मैनेजर राजेश कुमार गुप्ता द्वारा राशि वापस नहीं करने पर पेट्रोल पंप संचालक ने उसके द्वारा दिए गए चेक बैंक में लगाए। दोनों चेक बाउंस हो गए। उसने मैनेजर की खोजबीन की, लेकिन वह फरार हो गया। वह अपने साथ पेट्रोल पंप के हिसाब का दस्तावेज भी ले गया है। अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने मामले की रिपोर्ट गांधीनगर थाने में दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 316(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *