पेड़ से टकराई अनियंत्रित कार,युवक की मौत:बिलासपुर में कार में फंसे दो युवक-युवतियां, घंटों मशक्कत के बाद गैस कटर से काटकर निकाले गए घायल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-सकरी रोड पर बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे तेज रफ्तार कार मवेशियों को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह डैमेज हो गई और उसमें सवार ड्राइवर, उसका दोस्त और दो युवतियां कार में घंटों फंसे रहे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद गैस कटर से काटकर उन्हें बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। घटना सकरी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, घुरू निवासी रामेश्वरी मानिकपुरी और बेलतरा के धौंरा मोड़ की रहने वाली सरोज राज दोनों मुंगेली नाका चौक के पास ढाबा सिंह होटल में काम करती थीं। बताया जा रहा है कि दोनों युवतियों की दोस्ती घुरू निवासी जय यादव और रितेश श्रीवास्तव से है। बुधवार की रात होटल में काम करने के बाद उन्होंने कोटा रोड की ओर घूमने का प्लान बनाया। इस पर रितेश श्रीवास्तव, जय यादव के साथ कार लेकर होटल पहुंचा और दोनों युवतियों को साथ लेकर घूमने निकल पड़ा। मवेशी को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
करीब रात 2:30 बजे, युवक-युवतियां कार में सवार होकर कोटा रोड से शहर की ओर लौट रहे थे। जब उनकी कार सकरी-बिलासपुर रोड पर पहुंची, तभी सड़क पर कुछ मवेशी बैठे हुए दिखाई दिए।कार चला रहे रितेश श्रीवास्तव ने मवेशियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते कार अनियंत्रित हो गई और सीधे पेड़ से जा टकराई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त, घंटों मशक्कत गैस कटर से काटकर निकाला बाहर
इस हादसे में कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह डैमेज होकर चिपक गया, जिससे उसमें सवार ड्राइवर, उसका दोस्त और युवतियां कार के अंदर ही फंस गए। इस हादसे के बाद उन्हें बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था। चारों घायल होकर दर्द से कराह रहे थे। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया। लेकिन, सभी कार में ही फंस गए थे। इस दौरान पुलिस ने गैस कटर मंगवाया, और घंटों की मशक्कत के बाद कार को काटकर सभी को बाहर निकाला गया। एक की मौत, तीन की हालत गंभीर
इस हादसे के बाद सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान कार चला रहे रितेश श्रीवास्तव की मौत हो गई। वहीं, उसके दोस्त और दोनों युवतियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस इस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *