राजस्थान में हुई PTI भर्ती परीक्षा-2022 में पेपर लीक व फर्जी दस्तावेज मामले में एसओजी ने फिरोजाबाद (UP) के शिकोहाबाद में चल रहे जेएस यूनिवर्सिटी को घेर लिया है। एसओजी के हाथ एक पेनड्राइव लगी है। यह पेन ड्राइव यूनिवर्सिटी के अकाउंटेंट के पास से बरामद की थी। तीन दिन पहले ही एसओजी ने जेएस यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति (चांसलर) डॉ. सुकेश कुमार, रजिस्ट्रार नंदन मिश्रा और दलाल अजय भारद्वाज को गिरफ्तार किया है। एसओजी ने चांसलर सुकेश कुमार के खिलाफ लुकआउट का नोटिस जारी कर रखा था। दलाल अजय भारद्वाज तो बेखौफ एसओजी में ही घूम रहा था, जब उसे पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि 2022 में जब पीटीआई भर्ती की घोषणा हुई थी। जेएस यूनिवर्सिटी ने एक ही बैच में 1200 स्टूडेंट को बैक डेट में बीपीएड की डिग्री दे दी। इन बैच में करीब 90% स्टूडेंट राजस्थानी हैं। ऐसे में एसओजी सवाल का जवाब ढूंढ रही है कि ऐसा क्या हुआ कि इतनी संख्या में एक साथ राजस्थानी स्टूडेंट इसी यूनिवर्सिटी में बीपीएड करने पहुंच गए। अकाउंटेंट की पेन ड्राइव ने खोले राज एसओजी ने यूनिवर्सिटी के अकाउंटेट सुमित को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। सुमित के पास से एसओजी अधिकारियों ने एक पेन ड्राइव जब्त की है। उसे खंगाला तो अधिकारी भी हैरान रह गए। जेएस यूनिवर्सिटी को एक बैच में नियमों के तहत बीपीएड की 100 से 150 सीटें ही आवंटित हो सकती हैं। इस यूनिवर्सिटी ने एक ही बैच में 1200 स्टूडेंट को डिग्री दी है। इन स्टूडेंट्स की एडमिशन डेट 2016-18 बताई जा रही है। वहीं फीस जमा 2021 में बताई है। एसओजी अब चांसलर, रजिस्ट्रार और दलाल अजय को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी। B.P.Ed डिग्री किन-किन स्टूडेंट को फर्जी दी गई और किस तरह से यह गिरोह ऑपरेट हो रहा है, इन सभी को लेकर पूछताछ की जाएगी। इसमें सबसे ज्यादा अजय की भूमिका को लेकर जांच हो रही है। एसओजी की गिरफ्त में आया दलाल अजय पहले भी पेपर लीक और फर्जी डिग्री मामले में करणी विहार पुलिस थाने में गिरफ्तार हो चुका है। उस समय पेपर लीक सरगना भूपेंद्र सारण के घर से मिले फर्जी दस्तावेज में इसका भी नाम आया था। इन सभी के बाद पीटीआई फर्जी दस्तावेज में भी अजय का नाम आ गया था। अजय के हौसले इतने बुलंद थे कि वह एसओजी परिसर में आ जाता था। गिरफ्तारी के एक दिन पहले भी एसओजी परिसर में आया था। वहां उसकी ऑडी कार को एसओजी की टीम ने पहचान लिया था। इसके बाद गिरफ्तारी के दिन सुबह वह एसओजी ऑफिस अपनी ऑडी कार लेकर आया था। टीम ने अजय को वहीं दबोच लिया। 2 यूनिवर्सिटी खोलने की तैयारी में था अजय
एसओजी की पूछताछ में अजय ने बताया कि उसने 2009 में अपनी बीई की पढ़ाई पूरी कर ली थी। 2014 के बाद राजस्थान की अलग-अलग यूनिवर्सिटी से फर्जी डिग्री बनवाने की दलाली का काम शुरू कर दिया था। उसने सबसे ज्यादा टीपीएस क्षेत्र के स्टूडेंट्स में पकड़ बना रखी थी। हजारों अभ्यर्थियों के फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए थे। अब वह एकलव्य ट्राइबल और अनंत इंटरनेशनल नाम से यूनिवर्सिटी खोलने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए उसने पैसे भी जमा करवा दिए हैं। एसओजी जेएस यूनिवर्सिटी के चांसलर को पकड़ने के लिए शिकोहाबाद (UP) गई थी। वहां से पता चला कि सुकेश अपनी पत्नी के साथ एक कार्यक्रम में मलेशिया जाने वाला था। इस पर एसओजी को संदेह हुआ कि वह देश के बाहर जाने के बाद हाथ से निकल सकता है। ऐसे में एसओजी ने सुकेश के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करवा लिया। इसके चलते सुकेश को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया था। सुकेश ने बताया कि मलेशिया में उसकी पत्नी का सम्मान किया जाना था। इसीलिए मलेशिया जा रहे थे। चांसलर है सरकारी कॉलेज का प्रिंसिपल, 16 साल बाद की दूसरी शादी
एसओजी अधिकारियों ने बताया कि जेएस यूनिवर्सिटी का चांसलर सुकेश कुमार खुद आगरा के बाहे में संचालित सरकारी कॉलेज का प्रिंसिपल है। उसने 2015 में अपने पिता के नाम पर जेएस यूनिवर्सिटी खोली थी। इसके बाद उसने एक और यूनिवर्सिटी खोल ली। सुकेश की पहली शादी 1986 को हुई थी। उसने दूसरी शादी 2002 में की थी। एसओजी ने यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार नंदन मिश्रा से पूछताछ की है। उससे भी फर्जी दस्तावेज को लेकर कई जानकारियां मिली हैं। रजिस्ट्रार के खुद के दस्तावेज को भी चेक किया जा रहा है। परीक्षा का नोटिफिकेशन आने के बाद शुरू हुआ फर्जी दस्तावेज का खेल 8 राज्यों की 18 यूनिवर्सिटी के नाम की फर्जी डिग्री पिछले महीने शिक्षा विभाग ने 134 शारीरिक शिक्षक को बर्खास्त किया है। इन सभी ने 8 राज्यों की 18 अलग-अलग यूनिवर्सिटी की जाली डिग्री से नौकरी पाई थी। अभी तक इन यूनिवर्सिटी के नाम की फर्जी डिग्रियां जांच में मिल चुकी हैं। फर्जी डिग्री देने वाली यूनिवर्सिटी की यह खबर भी पढ़िए… UP की जेएस यूनिवर्सिटी के चांसलर, रजिस्ट्रार समेत 3 गिरफ्तार:फर्जी डिग्री लेकर 245 कैंडिडेट बने थे पीटीआई; लाखों रुपए में घर बैठे दी थी डिग्रियां स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने बैक डेट में फर्जी डिग्री जारी करने वाले जेएस यूनिवर्सिटी के चांसलर, रजिस्ट्रार और दलाल को अरेस्ट किया है। इस यूनिवर्सिटी से 245 अभ्यर्थी फर्जी डिग्री लेकर पीटीआई बने थे। पूरी खबर पढ़िए…


