भास्कर न्यूज | जालंधर सुरजीत हॉकी स्टेडियम में शनिवार को चौथी राउंडग्लास इंटर-डेवलपमेंट सेंटर हॉकी टूर्नामेंट में सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। जिसमें फाइनल के लिए राउंडग्लास बाबा बकाला और राउंडग्लास रूपनगर कि टीमों ने क्वालीफाई किया। यह दोनों टीमें रविवार को फाइनल मुकाबला खेलेंगी। पहले सेमीफाइनल में बाबा बकाला ने निक्के घुम्मन को हराया। बाबा बकाला के गुरिंदरजीत सिंह ने 17वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन महज दो मिनट बाद निक्के घुम्मन के कप्तान लवप्रीत ने बराबरी का गोल दाग दिया। 28वें मिनट में गुरिंदरजीत ने एक बार फिर बाबा बकाला को बढ़त दिलाई, लेकिन इसके एक मिनट के भीतर ही जशनप्रीत सिंह ने गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। मुकाबला बराबरी पर रहा। जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट में बाबा बकाला ने 2-1 से जीत दर्ज की। बाबा बकाला के गोलकीपर कृष्णदीप सिंह ने चार अहम बचाव कर जीत सुनिश्चित की। शूटआउट में बाबा बकाला के लिए गगनदीप सिंह और शमशेर सिंह ने गोल किए, जबकि निक्के घुम्मन की ओर से जशनप्रीत सिंह एकमात्र गोल कर सके। मैच में बेहतरीन गोलकीपिंग के लिए कृष्णदीप सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। दूसरे सेमीफाइनल में राउंडग्लास रूपनगर ने हरचोवाल के खिलाफ 4-0 की जीत दर्ज करते हुए फाइनल में क्वालिफाई किया। रूपनगर की ओर से हरशजोत सिंह ने 10वें मिनट में गोल किया। इसके बाद टीम ने 45 मिनट तक 1-0 की बढ़त बनाए रखी और अंतिम 15 मिनट में आक्रामक खेल दिखाते हुए तीन और गोल दागे। जगदीश ने 47वें और 48वें मिनट में दो गोल किए, जबकि प्रमवीर सिंह ने फुल टाइम से ठीक एक मिनट पहले चौथा गोल कर जीत पर मुहर लगा दी। इस मैच के दौरान रूपनगर के जोबनप्रीत सिंह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। इस दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर ओलंपियन कर्नल बलबीर सिंह, ओलंपियन सुरिंदर सिंह सोढी, अध्यक्ष नितिन कोहली, ओलंपियन हरप्रीत सिंह मंडेर, डॉ. बलजीत कौर, राजेंद्र सिंह सीनियर, अशफाक उल्ला खान, अंगद सिंह कपूर, संजीव कुमार, लक्ष्य रायकवार, बूटा सिंह जोहल, इकबाल सिंह संधू, अमित सिंह संधू, जसबीर सिंह चहल, रिपुदमन कुमार सिंह, जितेंद्र सिंह पम्मी, मलकीत सिंह, परमिंदर कौर, अवतार सिंह, कुलदीप सिंह, बलजोत सिंह, रविंद्र सिंह लाली, कुलवंत सिंह, राजेंद्र कुमार शर्मा, करण सिंह, राहुल, यशपाल गोयल मौजूद रहे। रूपनगर के जोबनप्रीत सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया फाइनल मैच आज {निक्के घुम्मन और हरचोवाल में तीसरे/चौथे स्थान के लिए मैच सुबह 11 बजे। {बाबा बकाला और रूपनगर के बीच फाइनल मुकाबला दोपहर 1 बजे शुरू होगा।


