भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर-अमृतसर हाईवे पर फोकल पॉइंट और ट्रांसपोर्ट नगर के सामने फ्लाईओवर के खोखले हो चुके किनारों को ठीक करने के लिए सोमवार को एनएचएआई की टीम ने दौरा किया। टीम ने पूरा फ्लाईओवर चेक किया और जहां गड़बड़ी है, उसे पक्के तौर पर ठीक करने के आदेश भी दिए हैं। जिन जगहों से फ्लाईओवर के किनारे धंस रहे हैं, उसका कारण भी ढूंढा जा रहा है ताकि बाद में किसी तरह से नुकसान न हो। एनएचएआई के अधिकारी ने कहा कि चूहों के कारण ही फ्लाईओवर के किनारों से मिट्टी निकल रही है। इसे कई बार रिपेयर किया जा चुका है। चूहे फ्लाईओवर के अंदर न घुसें, उसके लिए जाली लगाई गई है। फिर भी किनारों को नुकसान हो रहा है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी के इंजीनियरों का कहना है कि किसी भी तरह से कोई भी लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। जिन जगहों पर गड्ढे हुए हैं, उन्हें पक्के तौर पर रिपेयर किया जाएगा। बरसात के कारण मिट्टी निकल गई थी, दोबारा से उन जगहों पर सीमेंट भरा जाएगा। नेशनल हाईवे पर खोखले हो चुके किनारे, जो कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं।


