भास्कर न्यूज | गरियाबंद गुरुवार सुबह 10 बजे किसानों ने सहकारी बैंक के सामने नेशनल हाईवे 130 सी पर चक्का जाम कर दिया। करीब 15 मिनट तक सड़क पर प्रदर्शन किया। इस दौरान बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों का आरोप था कि बैंक से रकम और आहरण पर्ची नहीं मिल रही। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद आहरण पर्ची दी गई, तब जाकर किसान सड़क से हटे। प्रदर्शन के कारण यात्री बसों समेत कई वाहन जाम में फंस गए। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने किसानों को समझाइश देकर रास्ता खुलवाया। इसके बाद किसानों ने तुरंत आहरण पर्ची भरना शुरू कर दिया। किसानों ने बताया कि सहकारी बैंक में राशि आहरण को लेकर परेशानी हो रही है। घंटों कतार में लगने के बाद आहरण पर्ची मिलती है। फिर उसे भरकर जमा करने के लिए दोबारा कतार में लगना पड़ता है। दो दिन बाद रकम मिलती है। जरूरी काम के लिए पैसे निकालने आए थे, लेकिन समय पर नहीं मिले तो परेशानी बढ़ गई। किसानों ने बैंक की व्यवस्था में सुधार की मांग की। गरियाबंद। किसानों ने सहकारी बैंक के सामने नेशनल हाईवे 130 सी पर प्रदर्शन करते हुए।


