500 रु. देकर कैदी से रोज मुलाकात, 20 हजार दीजिए…महीने भर कुछ भी भेजिए शीर्षक से छपी खबर के बाद सोमवार को बिरसा मुंडा जेल के प्रभारी जेलर देवनाथ राम ने 2 कक्षपाल को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। कक्षपाल शिवनाथ उरांव और मिटकू उरांव को पैसा लेते हुए भास्कर में फोटो छपने के बाद प्रभारी जेलर ने चिन्हित कर शो-कॉज किया है। दोनों को तत्काल मुलाकाती सेक्शन की ड्यूटी से हटा दिया गया है। प्रभारी जेलर ने 3 दिनों में शो-कॉज नोटिस का दोनों कक्षपाल से जबाव देने को कहा है। फिलहाल दोनों कक्षपाल को ड्यूटी से वंचित रखा गया है। पूरे मामले में जेल प्रशासन ने भी जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से इस बात की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर दोनों कक्षपाल ने कितने लोगों से पैसा लिया है। जेलर ने वहां तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी हाल में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


