फिल्मों में काम दिलाने के बहाने लड़कियों को बेचने के मामले में मोहाली पुलिस ने जांच के दौरान नए खुलासे किए हैं। मामले में खुद को पीड़ित बताने वाली अंजलि नाम की युवती को भी अब आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने अंजलि के खुलासे के आधार पर वर्षा की मां अंजू की शिकायत पर केस दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने वर्षा को राजस्थान के झुंझुनू से बरामद किया। जांच में सामने आया कि अंजलि ने ही वर्षा की शादी झुंझुनू में करवाई थी। इस मामले में पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरजीत सिंह (24), निवासी गांव रत्ता खेड़ा, फिरोजपुर; जसविंदर सिंह उर्फ गिल (35), निवासी इंदिरा कॉलोनी, फिरोजपुर कैंट; और जसविंदर कौर (25), निवासी गांव रत्ता खेड़ा, फिरोजपुर के रूप में हुई है। पैसों के लिए खुद ने की तीन शादियां पुलिस जांच में सामने आया है कि मामले का खुलासा करने वाली अंजलि खुद इस रैकेट का हिस्सा थी। आरोप है कि उसने पैसे के लेन-देन के लिए तीन शादियां की थीं। इनमें से पहले दो मामलों में वह कथित तौर पर बहाने बनाकर वापस आ गई, जबकि तीसरी शादी उत्तर प्रदेश में हुई, जहां वह फंस गई। पुलिस के अनुसार, इसके बाद उसके गिरोह ने लड़के पक्ष को पैसे देकर अंजलि को वहां से बाहर निकाला। जांच में भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने अब अंजलि को भी मामले में आरोपी बना लिया है। 3 पॉइंट में जानिए पुलिस जांच पीड़ित लड़की ने अदालत में दिया बयान मोहाली फेज-8 पुलिस जब वर्षा को राजस्थान के झुंझुनू से बरामद कर वापस लाई, तो उसके बयान अदालत में दर्ज करवाए गए। बयान में वर्षा ने आरोप लगाया कि अंजलि नाम की युवती ने मनदीप कौर के साथ मिलकर उसकी शादी करवाई थी। वह शादी के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन उसे और उसकी मां को धमकाया गया। मां को नुकसान पहुंचाने की धमकी के चलते उसने डरकर शादी के लिए हामी भर दी थी। महिला आयोग ले चुका है स्वत: संज्ञान जब मामला मीडिया में सामने आया तो पंजाब महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की। आयोग ने फेज-8 थाना प्रभारी और मोहाली के डीएसपी सिटी-2 से मामले में जवाब तलब किया। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।


