डूंगरपुर में पॉलिटेक्निक कॉलेज के विद्यार्थियों ने मंगलवार को कलेक्ट्री के सामने प्रदर्शन किया। छात्र नए नियमों में बदलाव के कारण अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि डिप्लोमा पूरा करने के लिए पहले 6 साल का समय दिया जाता था, लेकिन तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने बिना किसी पूर्व सूचना के इस नियम को बदलकर अब 4 साल में डिप्लोमा उत्तीर्ण करना अनिवार्य कर दिया है। इससे कई छात्र वंचित रह गए हैं। छात्रों ने विषय पास करने के लिए एक और अवसर देने की मांग की है। छात्र रमेश सहित कई विद्यार्थी मंगलवार को कलेक्ट्री पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी बात रखी। छात्रों ने बताया कि उन्होंने 2021 में पॉलिटेक्निक कॉलेज में तकनीकी शिक्षा के लिए प्रवेश लिया था। उस समय उन्हें डिप्लोमा उत्तीर्ण करने के लिए 6 साल का समय बताया गया था। तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने 2022 में नियमों में बदलाव करते हुए डिप्लोमा उत्तीर्ण करने की अवधि को 6 साल से घटाकर 4 साल कर दिया। छात्रों का आरोप है कि उन्हें इस बदलाव के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। 15 नवंबर को जब 2021 बैच के विद्यार्थी परीक्षा फॉर्म भरने पहुंचे, तो उनके फॉर्म उपलब्ध नहीं थे। पूछताछ करने पर उन्हें बताया गया कि नए नियमों के अनुसार उनका एनरोलमेंट नंबर अब उपलब्ध नहीं है। विद्यार्थियों का तर्क है कि जब उन्होंने प्रवेश लिया था, तब 6 साल में डिप्लोमा पास करने का नियम लागू था। कॉलेज और विभाग की ओर से नए नियमों के बारे में कोई सूचना नहीं दी गई। छात्रों ने मांग की है कि उनके परीक्षा फॉर्म उपलब्ध कराए जाएं और उन्हें एक और अवसर प्रदान किया जाए।


