पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र के गीतिलता गांव के पास सोमवार तड़के गौ तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया। पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर एक बोलेरो वाहन (नंबर OR 11E-8745) से चार बैलों को बरामद किया। इनमें से तीन बैल मृत पाए गए, जबकि एक बैल मरणासन्न अवस्था में मिला। बोलेरो खराब होने पर भागे तस्कर पुलिस के अनुसार, मवेशियों को उड़ीसा के दुंदु से जमशेदपुर लाया जा रहा था। तड़के रास्ते में बोलेरो खराब हो गई। इसके बाद वाहन में सवार तस्कर मौके से फरार हो गए। वाहन से आ रही कराहने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने नजदीकी पुलिस को सूचना दी। रस्सियों से बांध दिए थे पैर और जीभ ग्रामीणों ने बताया कि तस्करों ने चारों बैलों को जबरन छोटी बोलेरो में ठूंस दिया था। उनकी जीभ और पैरों को मोटे रस्सों से कसकर बांधा गया था। दम घुटने और अत्यधिक दबाव की वजह से तीन बैलों की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन का दरवाजा खोलने पर अंदर का नजारा देख ग्रामीण दंग रह गए। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर किसी तरह एक जीवित बैल को बाहर निकाला। लगातार हो रही मवेशी तस्करी स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में लगातार मवेशी तस्करी की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने और ऐसे अपराधियों पर नकेल कसने की मांग की है। पुलिस ने शुरू की जांच पोटका थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है। फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।


