भास्कर न्यूज | कोरबा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले और दूसरे चरण में चुनाव हो चुका है। करतला, कोरबा और पोड़ी उपरोड़ा में अब जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। भाजपा ने जनपद सदस्यों को पर्यटन भ्रमण पर जगन्नाथपुरी रवाना कर दिया है। शनिवार को सभी जनपद सदस्य पुरी पहुंच गए हैं। इधर पोड़ी उपरोड़ा में इस बार भी गोंगपा निर्णायक भूमिका में होगी। करतला जनपद में 24 सदस्य हैं । जिसमें से 18 सदस्यों को भाजपा ने अपने पाले में कर लिया है। इनकी संख्या बढ़ भी सकती है। शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा स्वयं ही मॉनिटरिंग करते रहे। जनपद अध्यक्ष का पद महिला के लिए आरक्षित होने से अधिक दावेदार नहीं है। उपाध्यक्ष का पद मुक्त होता है। इस वजह से दावेदारों की लंबी सूची है। यही हाल जनपद पंचायत कोरबा में भी है। यहां भी उपाध्यक्ष के लिए कई दावेदार हैं। कांग्रेस भी यहां से उपाध्यक्ष का पद हासिल करने के लिए जोड़-तोड़ कर रही है। लेकिन दावेदार अपने स्तर पर ही प्रयास कर रहे हैं। करतला में पहले जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली ही अपने समर्थकों को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाते रहे हैं, लेकिन इस बार वे मैदान में नहीं है। इससे इस बार नए चेहरों को मौका मिलेगा। दूसरे चरण में पोड़ी उपरोड़ा में चुनाव हुआ है। यहां भी कोई नए चेहरे सामने आ रहे हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए अक्षय गर्ग, प्रताप चंद्र जाखड़ का नाम सामने आ रहा है। दोनों ही भाजपा से जुड़े हैं। कांग्रेस से भी नए चेहरे को सामने लाया जा सकता है, लेकिन यहां गोंगपा के भी जनपद सदस्य चुने गए हैं। पिछली बार भाजपा ने अध्यक्ष पद देकर उपाध्यक्ष पद हासिल किया था। इस वजह से भी गोंडवाना गणतंत्र पार्टी पर सबकी नजर है।


