सीधी जिले के पोड़ी गांव से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के शासकीय उचित मूल्य की दुकान से करीब 90 क्विंटल (200 से अधिक बोरी) राशन गायब हो गया। यह दुकान रामपुर नैकिन जनपद पंचायत के तहत आती है।
जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले ही दुकान में लगभग 250 बोरी चावल और गेहूं की खेप आई थी। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जब कोटेदार रोहित पांडे दुकान पहुंचे तो उन्होंने पाया कि दुकान के ताले सही सलामत थे, लेकिन अंदर रखा पूरा राशन गायब था। यह देखकर कोटेदार के होश उड़ गए। कोटेदार रोहित पांडे ने तत्काल इसकी सूचना थाना प्रभारी सेमरिया को दी और शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मामला पंजीबद्ध नहीं किया था। कोटेदार का कहना है कि रविवार तक सारा राशन दुकान में मौजूद था। मामला संदिग्ध, जांच में जुटी पुलिस इस पूरी घटना पर फूड इंस्पेक्टर आर.एम. शुक्ला ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, “इतनी बड़ी मात्रा में राशन का चोरी होना बेहद असामान्य है। हम जांच कर रहे हैं, बिना तथ्यों के कुछ कहना जल्दबाजी होगी।” वहीं थाना प्रभारी सेमरिया केदार परौहा ने भी मामले को संदिग्ध बताया है। उन्होंने कहा कि “पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन अभी तक ऐसा कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो सके कि यहां वास्तव में चोरी हुई है। मामला संदिग्ध है और जांच जारी है।” पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि भारी मात्रा में राशन का यह गायब होना महज चोरी है या फिर यह वितरण में धांधली और चालबाजी का मामला है।


