अमृतसर| पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल अमृतसर में आयोजित कार्निवल में शहरवासियों ने जमकर मस्ती की। स्कूल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में 1000 से ज्यादा लोग पहुंचे, जिनमें छात्र, अभिभावक और शहर के गणमान्य नागरिक शामिल थे। कार्निवल का उद्घाटन अमृतसर शहर के मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया ने किया। उन्होंने पोद्दार एजुकेशन नेटवर्क की सराहना करते हुए कहा कि अमृतसर में स्कूलों का इतना बड़ा नेटवर्क देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने स्कूल के बुनियादी ढांचे और शिक्षण पद्धति की भी तारीफ की। स्कूल प्रिंसिपल राजेश भूरी ने कहा कि यह कार्निवल न सिर्फ स्कूल को प्रदर्शित करने का माध्यम था, बल्कि अभिभावकों और छात्रों के साथ स्थायी संबंध बनाने का भी एक जरिया था। पोद्दार एजुकेशन नेटवर्क के मुख्य विपणन अधिकारी विशाल शाह ने कहा कि यह कार्निवल समुदाय के साथ उनके मजबूत रिश्ते का प्रमाण है। कार्निवल में बच्चों ने विभिन्न तरह के खेलों और गतिविधियों का आनंद लिया।


