बांसवाड़ा के देवदा ग्राम पंचायत स्थित जीएसएस पर बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां तैनात सरकारी लाइनमैन दिनेश कुमार बिजली के पोल पर मरम्मत कार्य कर रहा था, तभी अचानक करंट का झटका लगने से ऊपर से नीचे गिर गए। करंट लगने के कारण दिनेश बुरी तरह झुलस गया, जिसे इलाज के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया गया। शटडाउन था या नहीं, इसकी जांच की मांग हादसे के बाद मौके पर पहुंचे देवदा सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र पारगी ने बताया कि दिनेश कुमार सरकारी कर्मचारी हैं और पोल पर काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि दिनेश ने शटडाउन लिया था या नहीं, या फिर काम के दौरान अचानक बिजली चालू कर दी गई। करंट का झटका इतना ज़ोरदार था कि वे सीधे नीचे आ गिरे। ग्रामीणों की मदद से पहुंचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने सरपंच प्रतिनिधि को सूचना दी। वे अपनी निजी गाड़ी से घायल लाइनमैन को लेकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से उदयपुर रेफर किया गया है। एसई बोले- जांच के निर्देश दिए
विभाग के एसई भगवानदास बैरवा ने बताया कि हादसा कैसे हुआ और किसकी लापरवाही रही, इसके कारणों का पता लगाने के लिए जांच के निर्देश दिए हैं।


