पौष पूर्णिमा पर मोती माता मेले पहुंचे 2 लाख भक्त:डेढ़ हजार क्विंटल मिठाई अर्पित की, आज आंकड़ा 3 लाख पहुंचने की उम्मीद

बुरहानपुर के ग्राम लोखंडिया में शनिवार को पौष पूर्णिमा के अवसर पर मोती माता मेले का आयोजन किया गया। मेले के पहले दिन करीब दो लाख भक्तों ने माता के दर्शन किए और डेढ़ हजार क्विंटल से अधिक मिठाई अर्पित की। इस दौरान माता का विशेष श्रृंगार कर महाआरती की गई और पौष पूर्णिमा पर ध्वज भी चढ़ाया गया, जो इस आयोजन का एक महत्वपूर्ण अनुष्ठान है। सुबह 8 बजे से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में आना शुरू हो गया था। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष लक्ष्मण झामु पवार ने बताया कि पहले दिन रिकॉर्ड तोड़ श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। मंदिर ट्रस्ट सचिव प्रकाश राठौड़ के अनुसार, करीब डेढ़ हजार क्विंटल से अधिक मिठाई चढ़ाई गई। मंदिर के पुजारी बाबू महाराज ने भी दो लाख से अधिक भक्तों द्वारा दर्शन किए जाने की पुष्टि की। रविवार को 3 लाख लोगों के आने की उम्मीद
मेला अध्यक्ष वसंत देवराम राठौड़ ने जानकारी दी कि रविवार को तीन लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ग्राम पंचायत सचिव ईश्वर महाजन ने बताया कि मेले में पांच स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु के बीमार होने पर तत्काल जांच और इलाज उपलब्ध कराया जा सके। मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन और बड़वानी जिलों से कुल 220 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। शनिवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश और एसडीएम नेपानगर भागीरथ वाखला सहित अन्य अधिकारी भी मेले में मौजूद रहे। 22 एकड़ क्षेत्र में लगा मेला
मोती माता मेला 22 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसमें 15 एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मेले में 150 से अधिक मिठाई की दुकानें लगाई गई हैं। निगरानी के लिए मंदिर में 15 और मेला परिसर में 25 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, साथ ही ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जा रहा है। मेला परिसर में पुलिस की दो अस्थाई चौकियां भी स्थापित की गई हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए दोनों मुख्य मार्गों को वन-वे किया गया था, जिससे पहले दिन यातायात व्यवस्था सुचारु रही। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 15 चलित शौचालय और 3 बड़े सामूहिक स्थायी शौचालय भी उपलब्ध कराए गए हैं। मंदिर सेवा के लिए 110 स्वयंसेवक भी तैनात हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *