प्रतापगढ़ के मांडवी-पारसोला रोड से सखीखेड़ा सड़क पर सूकली नदी पर एक पुलिया का निर्माण किया गया है। लगभग 4 करोड़ रुपए की लागत से बनी यह पुलिया ग्रामीण अंचल की सालों पुरानी समस्या का समाधान कर रही है। इस पुलिया के निर्माण से पहले, गाडरियावास (जनसंख्या 2593), केसरपुरा (1786), विजाणिया (1509) और जवाहरनगर (534) ग्राम पंचायतों के निवासियों को पारसोला, साबला, डूंगरपुर और आसपुर जाने के लिए 10 से 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी। उन्हें जवाहरनगर-धरियावद एसएच-81 और रणिया मगरी एसएच-81ए मार्ग से होकर गुजरना पड़ता था। अब सूकली नदी पर पुलिया बनने से एक सीधा, सुगम और सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध हो गया है। इससे यात्रा की दूरी 10-12 किलोमीटर से घटकर मात्र 2 किलोमीटर रह गई है। राज्य सरकार का जताया आभार
इस बदलाव से समय, ईंधन और अन्य संसाधनों की बचत होगी, जिससे आमजन को लंबे और जटिल मार्ग से राहत मिलेगी। ग्रामीणों के अनुसार, यह पुल शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि विपणन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा। उन्होंने पुल निर्माण के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।


