प्रतापगढ़ को रोडवेज की सौगात:तीन नई बसों का संचालन हुआ शुरू, पहले से चल रही बसों की दूरी बढ़ाई

नए साल में रोडवेज ने प्रतापगढ़ जिले को एक बड़ी सौगात दी है। प्रतापगढ़ आगार से चलने वाली बसों की संख्या बढ़ाई गई है और कुछ पुरानी बसों के गंतव्य को भी आगे बढ़ाया गया है। अब स्थानीय डिपो से प्रतिदिन 6 हजार किलोमीटर का सफर तय करने वाली बसें अब 11 हजार किलोमीटर प्रतिदिन चलेंगी। प्रतापगढ़ डिपो के चीफ मैनेजर विष्णु कुमार वर्मा ने बताया कि आम जनता की सुविधा और मांग को ध्यान में रखते हुए प्रतापगढ़ आगार की ओर से लंबी दूरी की तीन नई बसों का संचालन शुरू किया गया है। पहली बस अजमेर के लिए, जो सुबह 5 बजे प्रतापगढ़ से रवाना होकर दोपहर 12:30 बजे अजमेर पहुंचेगी। दूसरी बस प्रतापगढ़ से अहमदाबाद के लिए रात 8 बजे रवाना होकर तड़के 4 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। इसके अलावा बांसवाड़ा से अजमेर के लिए भी एक नई बस शुरू की गई है। इसके साथ ही, पूर्व में चल रही कुछ बसों के गंतव्य बढ़ाए गए हैं। प्रतापगढ़-भीलवाड़ा बस को अब शाहपुरा तक, प्रतापगढ़-उदयपुर बस को दलोट तक और प्रतापगढ़-पाली बस को जोधपुर तक बढ़ा दिया गया है। वर्मा ने बताया कि दिसंबर 2023 में प्रतापगढ़ डिपो के मार्ग पर अनुबंधित बसों के कारण बसों के फेरे 6 हजार किलोमीटर तक सीमित हो गए थे, जो अब बढ़ाकर 11 हजार किलोमीटर हो गए हैं। रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए डिपो लगातार प्रयास कर रहा है। कुछ अन्य मार्गों के प्रस्ताव भी उच्च अधिकारियों को भेजे गए हैं, जो जल्द ही स्वीकृत होंगे। साथ ही रोडवेज में यात्री भार में वृद्धि को लेकर कार्य योजना भी तैयार की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *